झारखंड जेटेट की आधिकारिक परीक्षा तिथि अब तक घोषित नहीं हुई है। 11 अक्टूबर को कलश स्थापना होने से परीक्षा की तारीख बदलने की संभावना है।
JTET Exam Date रांची: राज्य के करीब 4.40 लाख अभ्यर्थी झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी जेटेट की परीक्षा तिथि घोषित होने का इंतजार कर रहे हैं। झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने पिछले माह परीक्षा का प्रस्तावित टाइमलाइन तैयार कर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को सौंपा था। जैक की ओर से दिये गये शपथ पत्र में 11 अक्टूबर को जेटेट आयोजित करने की बात कही गयी थी। हालांकि, अब तक परीक्षा की आधिकारिक तिथि घोषित नहीं की गयी है।
JTET Exam Date:11 अक्टूबर को कलश स्थापना, परीक्षा पर बढ़ा संशय
जेटेट की प्रस्तावित परीक्षा तिथि को लेकर अब संशय की स्थिति बन गयी है। 11 अक्टूबर को कलश स्थापना है और इसी दिन से दुर्गा पूजा की शुरुआत होगी। ऐसे में उस दिन परीक्षा आयोजित करने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
परीक्षा की तिथि घोषित नहीं होने के पीछे पूजा को भी एक महत्वपूर्ण कारण माना जा रहा है। शिक्षक संगठनों की ओर से भी कलश स्थापना के दिन परीक्षा नहीं लेने की मांग की गयी है। अभ्यर्थियों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि जब 11 अक्टूबर को कलश स्थापना की जानकारी पहले से थी, तो जैक की प्रस्तावित टाइमलाइन में इसी दिन परीक्षा की तारीख क्यों रखी गयी।
Key Highlights
- जेटेट के लिए करीब 4.40 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है
- जैक ने शपथ पत्र में 11 अक्टूबर की प्रस्तावित परीक्षा तिथि बतायी थी
- 11 अक्टूबर को कलश स्थापना होने से परीक्षा पर संशय
- प्रस्तावित टाइमलाइन में 25 सितंबर से एडमिट कार्ड डाउनलोड होना था
- परीक्षा की तारीख इस सप्ताह घोषित होने की संभावना जतायी जा रही है
JTET Exam Date:25 सितंबर से एडमिट कार्ड डाउनलोड का प्रस्ताव
जैक की ओर से तैयार प्रस्तावित टाइमलाइन के अनुसार 25 सितंबर से परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सुविधा मिलनी थी। इसके बाद 10 नवंबर के बाद उत्तर कुंजी जारी करने और दिसंबर में परीक्षा का रिजल्ट जारी करने की तैयारी थी। लेकिन आधिकारिक परीक्षा तिथि घोषित नहीं होने के कारण टाइमलाइन के अनुसार आगे की प्रक्रिया शुरू होने को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
जेटेट में कक्षा एक से पांच और कक्षा छह से आठ के लिए अलग-अलग आवेदन लिये गये हैं। पात्र अभ्यर्थी दोनों स्तर की परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। वर्ष 2016 के बाद राज्य में जेटेट का आयोजन नहीं हुआ है। लंबे अंतराल के बाद होने वाली इस परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है।
JTET Exam Date:एक हजार से अधिक परीक्षा केंद्र तैयार
जेटेट के लिए राज्यभर में एक हजार से अधिक परीक्षा केंद्र तैयार किये गये हैं। जिला स्तर पर उपायुक्तों को परीक्षा नियंत्रक बनाया गया है। ऐसे स्कूल और कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां सीसीटीवी कैमरे की सुविधा उपलब्ध है। जिन केंद्रों पर सीसीटीवी की सुविधा नहीं है, वहां परीक्षा से पहले इसकी व्यवस्था किये जाने की बात कही गयी है।
11 अक्टूबर को यूपीएससी की परीक्षा भी प्रस्तावित है। ऐसे में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को लेकर भी प्रशासन के सामने चुनौती हो सकती है। इन परिस्थितियों को देखते हुए जेटेट की तारीख में बदलाव की संभावना बनी हुई है।
JTET Exam Date:दुर्गा पूजा के बाद हो सकती है परीक्षा
यदि 11 अक्टूबर को जेटेट नहीं होती है, तो परीक्षा दुर्गा पूजा के बाद और दीपावली के बीच आयोजित किये जाने की संभावना जतायी जा रही है। परीक्षा की तारीख को लेकर जल्द बैठक होने की बात कही गयी है।
अभ्यर्थियों को अब जैक की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। संभावना है कि परीक्षा की तिथि इसी सप्ताह स्पष्ट हो सकती है।


















