झारखंड से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी शुरू हो गई है। 5 और 6 अक्टूबर को कई इलाकों में बारिश के आसार हैं, जबकि तीन दिन बाद रात में गुलाबी ठंड महसूस होगी।
Jharkhand Weather रांची: झारखंड से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 48 घंटे में मॉनसून के राज्य से पूरी तरह वापस होने की संभावना है। इसके साथ ही मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 5 और 6 अक्टूबर को राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, अगले तीन दिनों के बाद रात के तापमान में गिरावट के कारण गुलाबी ठंड का अहसास शुरू होने की संभावना है।
Jharkhand Weather:48 घंटे में झारखंड से विदा हो सकता है मॉनसून
मॉनसून की वापसी का असर झारखंड के साथ देश के कई राज्यों में भी दिखाई देगा। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, गुजरात, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र से भी दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।
झारखंड में मॉनसून की वापसी के दौरान मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। हालांकि, अधिकतम तापमान में फिलहाल बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
Jharkhand Weather:5 और 6 अक्टूबर को इन इलाकों में बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 5 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी झारखंड में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
6 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी झारखंड में मौसम बदलेगा। इन इलाकों में बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है। इसके बाद अन्य दिनों में राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
Key Highlights
- झारखंड से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी शुरू हो गई है।
- अगले 48 घंटे में राज्य से मॉनसून की पूरी तरह वापसी संभव है।
- 5 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी झारखंड में हल्की बारिश के आसार हैं।
- 6 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है।
- तीन दिनों बाद रात में गुलाबी ठंड महसूस होने की संभावना है।
Jharkhand Weather:रांची में 29.4 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। मौसम में बदलाव और रात के तापमान में संभावित गिरावट के कारण अगले तीन दिनों के बाद रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में गुलाबी ठंड का अहसास शुरू हो सकता है। वहीं, मेदिनीनगर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


















