PMCH Patna Tower 3 Inauguration: बिहार की राजधानी पटना स्थित पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (PMCH) में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पीएमसीएच पुनर्विकास योजना के पहले चरण के तहत नवनिर्मित टावर-3 का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री के अनुसार, पीएमसीएच में अब एक साथ 2500 बेड पर मरीजों का आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ इलाज होगा। उन्होंने अधिकारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
पीकू वार्ड और स्त्री रोग विभाग का किया निरीक्षण
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नवनिर्मित भवन के विभिन्न विभागों का जायजा लिया। उन्होंने पांचवें तल पर पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (PICU/पीकू) वार्ड का उद्घाटन किया। इसके बाद प्रतीक्षालय, स्त्री रोग एवं प्रसूति आईसीयू, नर्स स्टेशन, चिकित्सा कक्ष, उपचार कक्ष और प्रसवोत्तर वार्ड का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने इन विभागों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और मरीजों के उपचार की व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया।

मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और रेडियोलॉजी विभाग का जायजा
मुख्यमंत्री ने टावर-3 के छठे तल पर स्थित मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर-22 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शल्य चिकित्सा कक्षों, स्त्री रोग से संबंधित ऑपरेशन थिएटर और अन्य चिकित्सकीय इकाइयों में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रथम तल पर स्थित रेडियोलॉजी विभाग का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को भवन में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं और अस्पताल के विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं से अवगत कराया।

ओपीडी पंजीकरण और निर्माण कार्यों की ली जानकारी
टावर-3 के भूतल पर मुख्यमंत्री ने कियोस्क और काउंटर के माध्यम से बाह्य रोगी विभाग (OPD) में मरीजों के पंजीकरण की प्रक्रिया को समझा। उन्होंने अल्पाहार गृह की व्यवस्था और पीएमसीएच पुनर्विकास योजना के तहत पूरे हो चुके तथा निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल के विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाया जाए। उन्होंने सुविधाओं के उचित रखरखाव, नियमित निरीक्षण और समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया। साथ ही, पुनर्विकास योजना के शेष निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया।


बच्चों को बांटी पोषण किट, कई मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने टावर-3 के भूतल पर बाल मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने भी पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया और संजय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि, बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक डॉ. नवल किशोर चौधरी, बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन और पीएमसीएच अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी और चिकित्सक उपस्थित रहे। पीएमसीएच पुनर्विकास योजना का उद्देश्य अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं और उपचार व्यवस्था को आधुनिक बनाना है। मुख्यमंत्री ने शेष निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने और मरीजों को बेहतर सेवाएं देने पर विशेष जोर दिया।



















