National Red Run 4.0 Patna: बिहार ने राष्ट्रीय स्तर के नेशनल रेड रन 4.0 की मेजबानी करते हुए HIV संक्रमण के प्रति जागरूकता और सामाजिक भेदभाव खत्म करने का संदेश दिया। मंगलवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के 32 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आए प्रतिभागियों, खिलाड़ियों, अधिकारियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) के मार्गदर्शन में बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने दौड़ और वॉकथॉन के जरिए HIV के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में 10 किलोमीटर की दौड़ में करीब 250 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि 2 किलोमीटर के वॉकथॉन में लगभग 1,000 लोग शामिल हुए। आयोजन का उद्देश्य HIV संक्रमण से बचाव, समय पर जांच, उपचार की उपलब्धता और संक्रमित व्यक्तियों के प्रति समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त करने के लिए लोगों को जागरूक करना था।
32 राज्यों के प्रतिभागियों ने एक साथ दिया जागरूकता का संदेश
नेशनल रेड रन 4.0 में देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गांधी मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं, खिलाड़ियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने HIV जागरूकता के संदेश को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया। 10 किलोमीटर की प्रतिस्पर्धात्मक दौड़ और 2 किलोमीटर के वॉकथॉन के माध्यम से लोगों को बताया गया कि HIV संक्रमण की रोकथाम के लिए सही जानकारी और जागरूकता जरूरी है। आयोजन के जरिए युवाओं से अपने-अपने क्षेत्रों में भी इस अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की गई।
HIV के खिलाफ लड़ाई में युवाओं की भूमिका अहम : कुमार रवि
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने कहा कि HIV के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़े सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि जागरूकता अभियानों, बेहतर उपचार सुविधाओं और लगातार किए जा रहे प्रयासों से HIV नियंत्रण के क्षेत्र में प्रगति हुई है। संक्रमित व्यक्तियों के प्रति समाज की सोच में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि HIV संक्रमण की रोकथाम के लिए आगे भी निरंतर प्रयास करने होंगे। विशेष रूप से मां से बच्चे में संक्रमण को रोकने की दिशा में प्रभावी कदम उठाना जरूरी है। सचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि HIV केवल यौन संपर्क से ही नहीं, बल्कि संक्रमित रक्त और अन्य माध्यमों से भी फैल सकता है। इसलिए समाज के प्रत्येक वर्ग तक इसके संक्रमण के कारणों और बचाव से जुड़ी सही जानकारी पहुंचनी चाहिए। कुमार रवि ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुमित कुमार और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने यूनिसेफ सहित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं, खिलाड़ियों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।
गर्भवती महिलाओं की HIV जांच से रोका जा सकता है संक्रमण : यूनिसेफ
बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुमित कुमार ने कहा कि 10 किलोमीटर की दौड़ और 2 किलोमीटर के वॉकथॉन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी यह दिखाती है कि HIV के खिलाफ जागरूकता अभियान में देशभर के लोग साथ आ रहे हैं। उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों और अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियों को और तेज करने की अपील की। वहीं, राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) की डिप्टी डायरेक्टर जनरल डॉ. तान्जिन डिकिड ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि HIV के प्रति सही जानकारी फैलाने और इससे जुड़े भेदभाव को कम करने में युवाओं की सहभागिता बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन समाज तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने में मददगार साबित होते हैं। यूनिसेफ की फील्ड ऑफिसर मोनिका नेल्सन ने HIV जांच की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी HIV जांच के प्रति जागरूक रहना चाहिए। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच होने से संक्रमण की स्थिति का पता लगाया जा सकता है। इसके बाद उचित उपचार और देखभाल के माध्यम से मां से बच्चे में HIV संक्रमण के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
10 किलोमीटर दौड़ में इन प्रतिभागियों ने हासिल किया स्थान
कार्यक्रम के समापन पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने 10 किलोमीटर दौड़ की विभिन्न श्रेणियों में सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। बॉयज कैटेगरी में पश्चिम बंगाल के अनुपम महतो ने पहला स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश के अभिषेक कुमार दूसरे और इसी राज्य के विद्या सागर तीसरे स्थान पर रहे। गर्ल्स कैटेगरी में महाराष्ट्र की स्नेहल खरात ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मध्य प्रदेश की अंजलि पाटीदार दूसरे और उत्तर प्रदेश की सोनी देवी तीसरे स्थान पर रहीं। विजेताओं को सम्मानित कर उनके प्रदर्शन की सराहना की गई।
धावकों, कलाकारों और स्वास्थ्य अधिकारियों की रही मौजूदगी
नेशनल रेड रन 4.0 में विशेष अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय धावक पियूष राज, अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट शैलेश कुमार और अभिनेता अशोक पाठक शामिल हुए। अशोक पाठक को वेब सीरीज ‘पंचायत’ में विनोद के किरदार के लिए जाना जाता है। इसके अलावा BSACS के संयुक्त निदेशक (आईईसी) मनोज कुमार सिन्हा, अपर परियोजना निदेशक एनके गुप्ता और सहायक निदेशक (युवा) आलोक सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग और बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि HIV संक्रमण के खिलाफ लड़ाई में जागरूकता, समय पर जांच, उपचार और सामाजिक सहयोग की अहम भूमिका है।
Highlights
























