यशवंत सिन्हा को मिले 208 सांसदों के मत
नई दिल्ली : एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना में आगे चल रही हैं.
राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने बताया कि सांसदों के वोटों की गिनती हुई है.
द्रौपदी मुर्मू को 540 सांसदों ने वोट दिया जिसका मूल्य 378000 है.
यशवंत सिन्हा को 208 सांसदों का वोट मिला जिसका मूल्य 145600 है.
कुल 748 वोट पड़े हैं, जिनका मूल्य 523600 है.
कुल 15 वोट अवैध- पीसी मोदी
राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने बताया कि कुल 15 वोट अवैध थे.
ये संसद (वोट) के आंकड़े हैं. देश के 15वें राष्ट्रपति के चयन के लिए 31 स्थानों पर मतदान 18 जुलाई को हुआ था. राष्ट्रपति चुनाव में 776 सांसदों और 4,033 निर्वाचित विधायकों समेत कुल 4,809 मतदाता मतदान के पात्र थे. इसमें मनोनीत सांसद व विधायक और विधान परिषद के सदस्य मतदान नहीं कर सकते. नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण 25 जुलाई को होगा.
द्रौपदी मुर्मू और यशवंत सिन्हा के बीच मुकाबला
राष्ट्रपति चुनाव के लिए मुकाबला एनडीए की उम्मादवीर द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के बीच है. द्रौपदी मुर्मू अगर ये चुनाव जीतकर राष्ट्रपति बन जाती हैं, तो वो स्वतंत्रता के बाद जन्मी इस शीर्ष पद पर पहुंचने वाली पहली नेता होंगी. साथ ही वह देश की पहली आदिवासी और सबसे युवा राष्ट्रपति भी बन जाएंगी.
सभी राज्यों में डाले गए मतों की गिनती को पूरा करने के लिए समान पैटर्न का पालन किया जाएगा. अंतिम परिणाम की घोषणा करने के लिए रिटर्निंग अधिकारी द्वारा एक अंतिम ब्रीफिंग आज दूसरे भाग में घोषित होने की उम्मीद है.

















