गोपालगंज: भोरे थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर बाजार के पास एक निजी क्लिनिक में प्रसव कराने आई महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने क्लिनिक में जमकर हंगामा किया। इस दौरान मौके पर झोलाछाप डॉक्टर और क्लिनिक के कर्मचारी छोड़ फरार हो गए। वहीं जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। उत्तर प्रदेश के देवरिया के बरियारपुर थाना क्षेत्र के कुसहरी बाजार के नंद कुमार शर्मा की पत्नी निधि देवी अपने मायके भोरे थाना क्षेत्र के बनकटा जगरधारी गांव में आई थी प्रसव पीड़ा होने के बाद परिजन निजी नर्सिंग होम लेकर गए जहां इलाज के दौरान ही महिला ने दम तोड़ दिया। महिला के मौत के बाद झोलाछाप डॉक्टर ने बड़ी चलाकी से मृत महिला को सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जहां पहुंचते ही डॉक्टर ने उसे काफी देर पहले ही मौत होने की पुष्टी की। महिला की मौत के बाद परिजन डॉक्टर के निजी क्लिनिक पर गये, जहां झोलाछाप डॉक्टर फरार हो गया था। परिजनों ने इलाज में लापरवाही से मौत होने का आरोप लगा जमकर हंगामा किया।
सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा पहले ही हो चुकी है मौत
परिजनों का आरोप था कि प्रसव पीड़ा होने पर भोरे थाने के नेता मोड़ के पास निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया था जहां इलाज में लापरवाही की गई और मौत होने के बाद बिना बताये सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविलसर्जन ने कहा कि जांच कर कार्रवाई होगी।
रिपोर्ट-आशुतोष
Highlights


















