धनबाद : जीवन ज्योति दिव्यांग संस्था की ओर से विश्व दिव्यांग दिवस मनाया गया.
इस अवसर पर संस्था के प्रांगण में धनबाद उपायुक्त संदीप सिंह, सीओ प्रशांत लायक तथा
जीवन ज्योति स्कूल के प्राचार्य समेत रोटरी क्लब, इनर व्हील के सदस्य ने दीप प्रज्जवलित कर शुभारम्भ किया.

उपायुक्त ने रैली को किया रवाना
जीवन ज्योति स्कूल में दिव्यांग बच्चों ने भक्ति गीत तथा सांस्कृतिक नृत्य कर लोगों का मन मोहा.
इसके बाद धनबाद उपायुक्त संदीप सिंह ने झंडी दिखाकर दिव्यांग बच्चों के द्वारा
रैली को रवाना किया गया. जीवन ज्योति संस्था में बड़ी संख्या में दिव्यांग बच्चों इकट्ठा हुए.

किसी इंसान से कम न समझे दिव्यांग बच्चे- डीसी
धनबाद उपायुक्त संदीप सिंह ने कहा कि आज विश्व दिव्यांग दिवस है. इस दिवस के उपलक्ष्य पर यहां बच्चों के द्वारा काफी अच्छी प्रस्तुति दी गयी है, जो काफी अलग और बेहतर है. आम इंसानों से अपने आपको किसी हालत में अलग या कम न समझें. क्योंकि किसी इंसान में जब किसी अंग का अभाव होता है तो भगवान उसे अन्य काबिलियतों से भर देता है. अक्सर देखा जाता है कि दिव्यांग व्यक्ति में कुछ न कुछ ऐसी विशेषता होती है, जो उसे आम इंसानों की भीड़ से अलग करती है. अपने आपको किसी से कम न आंके.

विश्व दिव्यांग दिवस: सरकारी योजनाओं का लें लाभ- डीसी
उपायुक्त ने कहा कि दिव्यांगों के कल्याण की दिशा में बेहतर प्रयास करने चाहिए, जिससे उनके आगे रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न न हो सके. इसके अलावा उन्होंने दिव्यांगों से किसी भी हाल में मोहताजी भरा जीवन न जीने की सीख दी. उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो योजनाएं सरकार द्वारा चलाई जा रही है, उनका लाभ लेकर स्वावलंबी जीवन व्यतीत करें. उसके बाद रैली का आयोजन किया गया जिसमें सैंकड़ों बच्चे शामिल हुए.
रिपोर्ट: राजकुमार जायसवाल/ मुन्ना

















