Dhanbad: Dhanbad के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर किया शोरूम के समीप मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक पिकअप वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
कैसे हुई दुर्घटना
जानकारी के अनुसार, सासाराम से मछली अनलोड कर वापस कोलकाता लौट रही बंगाल नंबर की पिकअप वैन (डब्ल्यू बी 23एम-8702) ने सड़क किनारे खड़े 12 चक्का ट्रक (बीआर28जिए-7127) के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। पिकअप वैन में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें से तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत बरवाअड्डा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने आमिर नामक एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। जहां दोनों घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
Read More:अधिवक्ता से दुर्व्यवहार मामले में DM से मिला शिष्टमंडल, त्वरित कार्रवाई की मांग…
पिकअप चालक ने क्या बताया
पिकअप चालक ने बताया कि वे लोग सासाराम से मछली उतार कर अपने घर कोलकाता लौट रहे थे। बरवाअड्डा के पास नेशनल हाईवे पर एक 12 चक्का ट्रक खड़ा था, लेकिन उसमें पार्किंग लाइट नहीं जल रही थी। जिस कारण ट्रक दिखाई नहीं दिया और पिकअप वैन ट्रक के पीछे जा टकराई। चालक ने यह भी बताया कि हादसे के समय पिकअप में चार लोग सवार थे, जिसमें से एक सुरक्षित है, तीन घायल हुए और उनमें से एक की मौत हो गई।
पुलिस ने वाहनों को किया जब्त
हादसे में पिकअप वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। वाहन के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बरवाअड्डा थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर थाना ले गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक और घायल सभी कोलकाता के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
Highlights


