औरंगाबादः हसपुरा थानाक्षेत्र का दौलतपुर नगौली गांव में करंट लगने से 27 वर्षीय संजू देवी की मौत हो गयी। महिला खेती के काम से घर से निकली थी। गांव के ट्रांसफार्मर के पास विद्युत प्रवाहित अर्थिग तार की चपेट में आ गई। जानकारी मिलने पर परिजनों ने तत्काल रेफरल अस्पताल लाया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीण और परिजनों ने विद्युत विभाग के विरुद्ध आक्रोश जताते हुए शव को लेकर पावर सब स्टेशन पहुंच मुआवजे की मांग करने लगे। जिला परिषद प्रतिनिधि रामाश्रय प्रसाद सिंह, विधायक प्रतिनिधि सचिन कुमार, मो.एकलाख खां, सुदामा सिंह, झलकदेव सिंह ने कहा विद्युत विभाग की लापरवाही से आये दिन दुर्घटना हो रही है। पूरे गांव में विद्युत तार जर्जर स्थिति में है।
सूचना मिलते हसपुरा पुलिस दलबल के साथ पहुंचा और आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला को शांत करवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्मार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।


