पटना. बिहार में कल एनडीए सरकार का फ्लोर टेस्ट होना है। इसको लेकर सियासी हलचल तेज है। इस बीच बिहार पुलिस तेजस्वी यादव के आवास पर पहुंची। बताया जा रहा है कि राजद विधायक चेतन आनंद के भाई अंशूमान आनंद की शिकायत पर पुलिस तेजस्वी यादव के आवास पर पहुंची।
मिली जानकारी के अनुसार, आनंद मोहन के छोटे बेटे अंशूमान आनंद ने पाटलिपुत्रा थाना पुलिस से यह शिकायत की थी कि उनके भाई चेतन आनंद, जो शिवहर के विधायक हैं, वो मीटिंग में शामिल होने गये थे। लेकिन अब तक घर नहीं लौटे हैं। मेरे भाई को जबरन कैद करके रखा गया है। उनका मोबाइल भी बंद है। इसलिए विधायक चेतन आनंद की खोजबीन की जाए।
अंशूमान आनंद की शिकायत पर पुलिस की टीम तेजस्वी यादव के आवास पर पहुंची। तेजस्वी यादव और चेतन आनंद से बातचीत की। चेतन आनंद ने पुलिस को बताया कि वो अपनी मर्जी से यहां रूके हैं। इसके बाद पुलिस की टीम तेजस्वी आवास से बाहर निकली।







