रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रक्षाबंधन से ठीक पहले राज्य की बहन-बेटियों को एक विशेष सौगात देने जा रहे हैं। 18 अगस्त को पाकुड़ में मुख्यमंत्री ‘झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ की शुरुआत करेंगे। इस योजना के तहत राज्य की चयनित बहनों के बैंक खातों में पहली किस्त के रूप में 1,000 रुपये की सम्मान राशि ट्रांसफर की जाएगी।
रक्षाबंधन के पर्व को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने इस योजना की शुरुआत करने का निर्णय लिया है, जिससे राज्य की महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान की जा सके। इस महत्वपूर्ण आयोजन की तैयारी को लेकर आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मोरहाबादी में झंडोत्तोलन के बाद एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में मुख्य सचिव एल खियांग्ते, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव मनोज कुमार तथा सूचना एवं प्रौद्योगिकी सचिव विप्रा भाल सहित विभिन्न जिलों के उपायुक्त भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बैठक के दौरान निर्देश दिया कि जो महिलाएं ‘झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ के लिए आवेदन कर रही हैं, उन्हें उनके आवेदन की प्राप्ति और स्वीकृति की जानकारी एसएमएस के माध्यम से दी जानी चाहिए। इसके साथ ही चयनित लाभुकों के बैंक खातों में सम्मान राशि के हस्तांतरण की जानकारी भी एसएमएस के माध्यम से दी जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से एसएमएस के माध्यम से जागरूकता संदेश भी भेजे जाने चाहिए।
महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने यह निर्देश दिया कि चयनियत लाभुकों के खाते में हर महीने की एक निश्चित तारीख तक सम्मान राशि हस्तांतरित करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि महिलाओं को समय पर सहायता मिल सके। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सम्मान राशि के हस्तांतरण में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
इस योजना का उद्देश्य राज्य की महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण प्रदान करना और उन्हें सम्मानित करना है। ‘झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ के माध्यम से राज्य सरकार महिलाओं को न केवल आर्थिक सहायता प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी उठाएगी।


