Giridih: झारखंड-बिहार के उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने गावां पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई की। टीम ने गावां थाना क्षेत्र के सिजुवाई और ककड़ीयार गांव में छिपाकर बनाए जा अवैध चुलाई शराब के भट्ठों पर ड्रोन से छापेमारी की। अभियान के दौरान टीम ने अवैध शराब निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण, जावा महुआ और भट्ठियों को नष्ट कर दिया। मौके से 10,400 किलोग्राम जावा महुआ और 210 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई।
तीन फरार अभियुक्त पर मामला दर्ज :
इस कार्रवाई में अवैध शराब कारोबार में लिप्त तीन व्यक्तियों- संजय बेसरा, रणजीत साव और प्रकाश साव के खिलाफ फरार अभियुक्त के रूप में मामला दर्ज किया गया है। अभियान का नेतृत्व उत्पाद विभाग गिरिडीह के अवर निरीक्षक रवि रंजन ने किया। उनके साथ निरीक्षक रामेश्वर तुड्डू (मध निषेध, नवादा, बिहार), सहायक अवर निरीक्षक सह ड्रोन प्रभारी अशोक कुमार (नवादा), तथा गावां थाना के अवर निरीक्षक प्रवेश चौधरी सशस्त्र बल और गृह रक्षक जवानों के साथ मौजूद थे।
अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा :
टीम ने बताया कि अवैध शराब बनाने वाले गिरोह जंगलों के बीच गुप्त रूप से शराब निर्माण अड्डे चला रहे थे, जिन्हें ड्रोन कैमरे की मदद से लोकेट किया गया। लोकेशन मिलने के बाद टीम ने छापा मारकर सभी अवैध भट्ठियों को नष्ट कर दिया।अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में एक बड़ी कार्रवाई है। विभाग ने साफ किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्टः सागर गुप्ता
Highlights


