बेगूसराय : बेगूसराय जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोहिया नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 42 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया है, जिसका उपयोग तस्करी के लिए किया जा रहा था। गिरफ्तार युवक की पहचान बेगूसराय जिले के नया गांव थाना क्षेत्र के हेमरपुर भगवती स्थान गांव निवासी फुलेना चौधरी के पुत्र राहुल कुमार के रूप में की गई है।
आरोपी लंबे समय से गांजा की तस्करी में शामिल था – पुलिस
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से गांजा की तस्करी में शामिल था और इस बार बड़ी खेप को एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाने की फिराक में था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बोलेरो वाहन में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर लोहिया नगर थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें वाहन से 42 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही चालक राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।

बरामद गांजा की कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है – SHO
थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद गांजा की कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही, इस धंधे में शामिल अन्य तस्करों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

यह भी पढ़े : बेगूसराय में Live गोलीबारी, जांच में जुटी पुलिस, Video तेजी से वायरल
अजय शास्त्री की रिपोर्ट


