झारखंड में बदला मौसम: तेज हवा, वज्रपात और बारिश से जनजीवन प्रभावित

336
झारखंड में बदला मौसम: तेज हवा, वज्रपात और बारिश से जनजीवन प्रभावित
झारखंड में बदला मौसम: तेज हवा, वज्रपात और बारिश से जनजीवन प्रभावित
Advertisment

रांची: झारखंड में 20 मार्च को मौसम ने अचानक करवट ली। राज्य के सभी जिलों में तेज हवा, वज्रपात, गर्जन, ओलावृष्टि और बारिश शुरू हो गई। गढ़वा, पलामू और धनबाद में अलसुबह से ही बारिश होने लगी, जबकि हजारीबाग, देवघर, गिरिडीह में दिन से और रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला में दोपहर बाद मौसम बिगड़ गया।

Advertisment

गुमला के चैनपुर प्रखंड में वज्रपात से संत अन्ना उवि की छात्रा लक्ष्मनिया केरकेट्टा (12 वर्ष) की मौत हो गई, वहीं कुडू में तुलू उरांव (35 वर्ष) की भी वज्रपात से जान चली गई।

तीन दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम, जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवा और उत्तर भारत की ठंडी हवा के कारण राज्य में यह स्थिति बनी हुई है। 21, 22 और 23 मार्च को भी झारखंड के अधिकतर जिलों में तेज हवा, गर्जन, बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने झारखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। लोगों से अपील की गई है कि वे जर्जर मकानों में न रहें, खेतों में जाने से बचें और बेवजह घर से बाहर न निकलें। बिजली उपकरणों को अनप्लग करने की भी सलाह दी गई है।

24 मार्च से सामान्य होगा मौसम

राज्य के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है। धनबाद में 20 मिमी से अधिक, हजारीबाग में 14.5 मिमी, गुमला में 6.5 मिमी, देवघर और खूंटी में 3 मिमी, जबकि लातेहार और लोहरदगा में 2 मिमी बारिश हुई।

रांची में शाम होते ही मौसम बदला और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। इस बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। देवघर में तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि रांची में 2.8 डिग्री सेल्सियस की कमी आई।

मौसम विभाग के अनुसार, 24 मार्च से मौसम सामान्य होने की संभावना है। वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि यह बारिश न तो साइक्लोनिक है और न ही प्री-मानसून बारिश। जहां बादल का निर्माण होगा, वहां बारिश जारी रहेगी।

Advertisement
error: Content is protected !!
Follow 22Scope Channel Get Breaking Updates