रांची: राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। मंगलवार को दिनभर आसमान में आंशिक बादल छाए रहे, जिससे दोपहर में गर्मी का असर कम महसूस हुआ।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार को राजधानी समेत कई अन्य जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है। बारिश के बाद तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि बुधवार को राज्यभर में आंशिक बादल छाए रहेंगे।
विशेष रूप से दक्षिणी झारखंड के पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिलों में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। वहीं, उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद और साहिबगंज जिलों में भी कमोबेश ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, इन जिलों में 22 फरवरी तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
साथ ही, दक्षिणी हिस्सों के अलावा मध्य झारखंड के रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी में 19 और 20 फरवरी को मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
राज्य में अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। रांची के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। दिन में गर्मी महसूस होती है, लेकिन शाम ढलते ही ठंड का असर बढ़ जाता है।
पिछले 24 घंटों में राज्य का मौसम शुष्क रहा। इस दौरान, सरायकेला में सबसे अधिक 36.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि गुमला में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को बादल छाए रहने के कारण पूरे दिन मौसम सुहावना बना रहा।