Advertisement
Advertisement

मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए राज्य के सभी बाढ़ प्रभावित जिलों के DM से स्थिति का लिया जायजा

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज यानी 13 अगस्त को एक अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किये जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने राज्य की नदियों के जलस्तर की अद्यतन स्थिति की भी जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया है कि जरुरतमंदों को सभी प्रकार की सेवा पहुंचाई जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि आपदा में फंसे किसी भी व्यक्ति को किसी भी हाल में अनदेखा न किया जाए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को तत्काल हर संभव सहायता जैसे भोजन, दवा, सुरक्षित आवास और निकासी की सुविधा प्राथमिकता के आधार पर मुहैया कराई जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सहायता समय पर और पारदर्शी ढंग से पहुंचे।

Goal 7 22Scope News

बाढ़ से 10 जिलों के लोग हुए हैं प्रभावत

बैठक में विकास आयुक्त सह आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की अद्यतन स्थिति की तथा नदियों के जलस्तर के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिक वर्षापात के कारण गंगा नदी के किनारे के 10 जिले भोजपुर, पटना, सारण, वैशाली, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर एवं कटिहार विशेष रूप से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से इन 10 जिलों के 54 प्रखंडों की 348 पंचायतों की 25 लाख आबादी प्रभावित हुई है। एनडीआरएफ की सात टीमें और एसडीआरएफ की नौ टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। 60 मोटर बोट और 1233 नाव लगातार कार्यरत् हैं। अबतक 52 हजार 573 पॉलीथीन शीट और 1800 सूखा राशन पैकेट प्रभावित लोगों के बीच वितरित किया गया है।

बाढ़ राहत कैंपों में प्रभावित लोगों के लिए SOP के अनुसार, सारी व्यवस्थाएं की गई है

आपको बता दें कि बाढ़ राहत कैंपों में प्रभावित लोगों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार, सारी व्यवस्थाएं की गई हैं। अभी तक सामुदायिक रसोई केंद्र में 13 लाख से अधिक लोगों को भोजन कराया जा चुका है। जानवरों के लिए पशु चारा एवं चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। आपदा प्रबंधन विभाग राहत एवं बचाव कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। बाढ़ प्रभावित लोगों को आनुग्रहिक राहत राशि वितरण करने के लिए जिलाधिकारी को सूची बनाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में अच्छी वर्षा के कारण किसानों को फायदा हुआ है। राज्य में अब तक 93 प्रतिशत धान की रोपनी हो चुकी है।

बैठक में वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से जिलों के DM रहे मौजूद

बैठक में जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव संदीप कुमार आर पुदुकलकट्टी एवं ऊर्जा विभाग के सचिव मनोज कुमार सिंह ने अपने-अपने विभागों से जुड़े राहत एवं बचाव कार्यों से संबंधित जानकारी दी। साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया और पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने अपने-अपने जिलों में किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

Nitish Barh 1 22Scope News

नदियों के किनारे वाले क्षेत्रों में बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहे – नीतीश कुमार

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों के किनारे वाले क्षेत्रों में बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहे। साथ ही प्रभावित लोगों को यथाशीघ्र और पूरी संवेदनशीलता के साथ मदद करें। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों के बीच राहत एवं बचाव कार्य पूरी मुस्तैदी से करते रहें। उन्होंने कहा कि सरकार में आने के बाद से ही हमलोग आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए तत्पर रहते हैं। मॉनसून के पूर्व संभावित बाढ़, सुखाड़ एवं अन्य आपदाओं को लेकर तैयारियों की समीक्षा की जाती है और एसओपी के अनुसार सभी को कार्य करने के निर्देश दिए जाते हैं।

यह भी देखें :

बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच आनुग्रहिक राहत राशि का वितरण जल्द से जल्द कराएं – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच आनुग्रहिक राहत राशि (GR) का वितरण जल्द से जल्द कराएं। बाढ़ के दौरान हुई फसल क्षति को लेकर किसानों के बीच राशि का भुगतान कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों का पुनर्स्थापन कार्य कराना सुनिश्चित करे ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

समीक्षा बैठक में CM के साथ डिप्टी सीएम, मंत्री व अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, आपदा प्रबंधन मंत्री विजय कुमार मंडल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पथ निर्माण विभाग के सचिव संदीप कुमार आर पुदुकलकट्टी, ऊर्जा विभाग के सचिव मनोज कुमार सिंह एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह उपस्थित थे। जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबद्ध जिलों के जिलाधिकारी जुड़े हुए थे।

यह भी पढ़े : बिहार कैबिनेट की आज होगी बैठक, लिए जाएंगे कई बड़े निर्णय

Commercial Advertisment

Bihar State Games 2026: बिहार में खेलों का महाकुंभ! 5500 से...

Bihar State Games 2026: बिहार में खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता साबित करने का बड़ा मंच मिलने जा रहा है। बिहार स्टेट गेम्स 2026...

Santhali Sohrai Festival: पाकुड़ में बच्चों ने अनोखे अंदाज में मनाया...

Santhali Sohrai Festival, पाकुड़: आधुनिकता के बढ़ते प्रभाव के बीच नई पीढ़ी को अपनी पारंपरिक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की सराहनीय पहल...

BPSC TRE 4.0 Recruitment: पटना में सहयोग कार्यक्रम के बाद बोले...

BPSC TRE 4.0 Recruitment, पटना: बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए BPSC TRE 4.0 को लेकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश...