CM नीतीश का राघोपुर को तोहफा, कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना का किया लोकार्पण

राघोपुर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल परियोजना के पटना से से राघोपुर की संपर्कता का फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर लोकार्पण किया। लोकर्पण के पश्चात् मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित छह लेन गंगा पुल का राघोपुर तक निरीक्षण किया। राघोपुर पहुंचने पर वहां उपस्थित जनसमूह ने ताली बजाकर एवं जिंदाबाद के नारे लगाकर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने इस पुल के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने जन समूह का अभिवादन स्वीकार करते हुए कहा कि आप लोगों के हित में हम लगातार काम कर रहे हैं और इस क्षेत्र के विकास के लिए हमसे जो बन पड़ेगा करते रहेंगे।

Goal 4 22Scope News

CM ने 6 लेन गंगा पुल परियोजना के पटना से राघोपुर की संपर्कता का किया लोकार्पण

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल परियोजना के पटना से राघोपुर की संपर्कता का लोकार्पण किया गया है। इस छह लेन गंगा पुल के निर्माण के लिए हमलोग लगातार काम कर रहे थे। निर्माणाधीन कार्य का नियमित निरीक्षण कर पुल का निर्माण शीघ्र पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित करते रहे। खुशी की बात है कि अब यह सपना साकार हो गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल परियोजना के बचे हुए कार्यों को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

राघोपुर दियारा क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना से पूरे वर्ष के लिए सड़क संपर्कता मिलेगी – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि कच्ची दरगाह बिदुपुर छह लेन गंगा पुल के लोकार्पण से राघोपुर दियारा क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना से पूरे वर्ष के लिए सड़क संपर्कता मिलेगी। इस क्षेत्र में कृषि, उद्योग सहित अन्य व्यवसायों का और तेजी से विकास होगा। आकस्मिक चिकित्सा की स्थिति में मरीजों को भी काफी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी सेतु पर भी यातायात का भार कम हो गया और उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार की संपर्कता के लिए लोगों को एक और वैकल्पिक मार्ग मिल गया, जिससे आवागमन और सुगम हो गया। उन्होंने कहा कि पटना शहर में लगनेवाले जाम से भी लोगों को राहत मिलेगी। इस पुल के निर्माण से पटना शहर के बाहर से ही लोग उत्तर बिहार के विभिन्न जगहों पर आसानी के साथ आवागमन कर सकेंगे। पटना के पूर्वी क्षेत्र के लोगों को भी सुगम यातायात का लाभ मिलेगा।

‘राज्य में गुणवत्तापूर्ण सड़कों एवं पुलों का लगातार निर्माण कर आवागमन को सुगम बना रहे हैं’

उन्होंने कहा कि हमलोग राज्य में गुणवत्तापूर्ण सड़कों एवं पुलों का लगातार निर्माण कर आवागमन को सुगम बना रहे हैं। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने दीदारगंज में कच्ची दरगाह बिदुपुर छह लेन गंगा पुल को जेपी गंगा पथ से जोड़ने वाले निर्माणाधीन लिंक पथ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जेपी गंगापथ परियोजना को दीदारगंज तक पूरा कर लिया गया है। जेपी गंगापथ की तरफ से आने-जाने वाले वाहनों को कच्ची दरगाह बिदुपुर छह लेन गंगा पुल से सीधी संपर्कता बहाल करने के लिए बचे हुए काम को एक माह में तेजी से पूर्ण करें।

Nitish Ing 1 22Scope News

अबतक परियोजना की वर्तमान प्रगति 85 प्रतिशत है, शेष कार्य को तेजी से पूरा किया जा रहा है – नीतीश कुमार

आपको बता दें कि पटना जिला अंतर्गत राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-30 पर अवस्थित कच्ची दरगाह एवं वैशाली जिला अंतर्गत राष्ट्रीय उच्च पथ सख्या-103 पर अवस्थित बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर कुल 19.76 किमी लंबाई के छह लेन ग्रीन फिल्ड पुल परियोजना का निर्माण किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 9.76 किमी लंबा पुल तथा 10 किमी लंबा पहुंच पथों का निर्माण कार्य होना है। इस परियोजना की कुल लागत चार हजार 988 करोड़ रुपए है। प्रथम चरण में कच्ची दरगाह, पटना से राघोपुर दियारा, वैशाली (कुल लंबाई 4.57 किमी) का काम पूरा हो चुका है। इस कार्य के पूर्ण होने से राघोपुर दियारा क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना से पूरे वर्ष के लिए सड़क संपर्कता मिल जाएगी। पूर्व में राघोपुर क्षेत्र में नाव से ही आवागमन संभव हो पाता था। द्वितीय चरण में हाजीपुर-महनार पथ से चकसिकंदर तक और तृतीय चरण में राघोपुर दियारा से हाजीपुर-महनार पथ का निर्माण किया जा रहा है। अब तक परियोजना की वर्तमान प्रगति 85 प्रतिशत है और शेष कार्य को तेजी से पूरा किया जा रहा है।

CM के साथ दोनों डिप्टी सीएम, मंत्री व अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष नंद किशोर यादव, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, विधान पार्षद रविंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व विधायक सतीश कुमार, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा, पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त राजकुमार, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष शीर्षत कपिल अशोक, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह, तिरहुत रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक चंदन कुमार कुशवाहा, पटना के वरीय पुलिस अधीक्ष कार्तिकेय के शर्मा, वैशाली के पुलिस अधीक्षक ललित मोहन शर्मा, अन्य वरीय अधिकारी, राज्य नागरिक परिषद् के पूर्व महासचिव श्री अरविंद कुमार सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Nitish Ing 2 22Scope News

यह भी पढ़े : 9 साल बाद आज राघोपुर को मिलेगा नया पुल, CM नीतीश करेंगे उद्घाटन

Saffrn

Trending News

Corrugated Boxes Supplier in Jharkhand & West Bengal | Aarisha Packaging Solutions

Social Media

194,000FansLike
27,500FollowersFollow
628FollowersFollow
695,000SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img