रांचीः झारखंड में ठंड का कहर लगातार जारी है। आने वाले दिनों में ठंड और भी बढ़ने के आसार हैं। बर्फीले हवा के कारण राज्य में ठंड जोरो की पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार 17 और 18 जनवरी को फिर से हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई जा रही हैं।
राज्य में चार जिलों का तापमान 5 डिग्री से कम
राज्य में ठंड का आलम यह है कि राज्य के चार जिलों का तापमान 5 डिग्री से भी नीचे चला गया है। राज्य में सबसे ठंडा जगह गुमला जिला रहा जहां का तापमान 2.1 डिग्री दर्ज किया गया। चतरा जिला का तापमान 3.7 रहा वहीं खूंटी का 4.1 और गढ़वा का 4.8 दर्ज किया गया।
राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री रहा। हालांकि दिन में राहत की बात है कि धूप अच्छी खिल रही है जिसके कारण ठंड से थोड़ी राहत मिल रही है। पर शाम ढलते ही लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। सुबह में भी ठंड जोरों की पड़ रही है। आने वाले दिनों में ठंड और भी बढ़ने की आशंका है।


