Jamshedpur: बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों को लेकर झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है। केशव महतो कमलेश ने केंद्र की विदेश नीति और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।
बॉर्डर सुरक्षा केंद्र के हाथ में, फिर जिम्मेदारी से क्यों भाग रही सरकार?
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार अक्सर बांग्लादेशी घुसपैठ के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराती है, जबकि सच्चाई यह है कि सीमा सुरक्षा पूरी तरह केंद्र सरकार के अधीन है। जब बॉर्डर की सुरक्षा केंद्र के हाथ में है, तो घुसपैठ की जिम्मेदारी से वह कैसे बच सकती है।
विदेशों में भारतीयों की सुरक्षा पर भी उठाए सवालः
केशव महतो कमलेश ने कहा कि जब भारत के नागरिक रोज़गार या अन्य कारणों से विदेशों में जाते हैं, तो उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी केंद्र सरकार की होती है। ऐसे में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों पर केंद्र सरकार की चुप्पी बेहद चिंताजनक है।
इस्तीफे की मांगः
उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि यदि केंद्र सरकार बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठा सकती, तो उसे नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए। उनका कहना था कि यह मुद्दा केवल राजनीति का नहीं, बल्कि मानवाधिकार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की जिम्मेदारी का है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और इस मुद्दे पर केंद्र सरकार के रुख को लेकर बहस और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्टः लाला जबीन
Highlights


