नालंदा : सोहसराय थाना क्षेत्र के छोटी पहाड़ी मुहल्ले में नेताओं के आने-जाने का सिलसिला जारी है. सोमवार को एलजेपी (रामविलास) नेता और सांसद चिराग पासवान पहुंचे और मृतक लोगों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हे सांत्वना दी. यहां पहुंच कर चिराग पासवान ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने तक की मांग कर दी. उन्होने कहा कि यदि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शासन नहीं संभल रहा है तो राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा देना चाहिए. चिराग पासवान ने कहा कि राज्यपाल से मिलकर इसकी मांग करेंगे. जहरीली शराब से 11 लोगों की मौत नहीं हुई है बल्कि ये हत्या है. गौरतलब है कि छोटी पहाड़ी इलाके में पिछले कुछ दिनों में ज़हराली शराब पीने से अबतक 11 लोगों की मौत हो चुकी है. रविवार को भी तीन लोगों की मौत हुई थी.

पीड़ितों की सुध नहीं ले रहें है मुख्यमंत्री : चिराग
चिराग पासवान ने अबतक मुख्यमंत्री या उनके किसी प्रतिनिधि के पीड़ित परिवारों ने व मिलने पर भी सवाल उठाए हैं. मुख्यमंत्री के पहले दिए बयान की याद दिलाते हुए एलजेपी (रामविलास) सांसद ने पूछा कि ये घटना नीतीश कुमार के गृह ज़िले में घटी है. क्या यहां आकर भी वो बोलेंगे कि ‘जो पियेगा वो मरेगा’.

प्रशासन की मिलीभगत से चलता है धंधा : चिराग
राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होने कहा कि राज्य की महिलाओं ने शराबबंदी की मांग की थी न कि गली-गली में जहरीली शराब के ठेकों की. चिराग पासवान ने कहा कि इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है. राज्य के अलग-अलग इलाकों में आए दिन इस तरह की घटनाएं होती रहती है. शराब माफियाओं ने गली-गली में सामानांतर अर्थव्यवस्था खड़ी कर ली है. उन्होने कहा कि बिना प्रशासन के सहयोग के इस तरह का कारोबार नहीं चल सकता है. मृतकों के परिजनों ने कहा कि मौत पर सिर्फ राजनीति हो रही है. उन्हें कोई ठोस मदद नहीं मिल रही है.
रिपोर्ट : रजनीश किरण


















