अररिया/मधुबनी/गयाजी/भोजपुर/नवादा/सासाराम/खगड़िया : विश्व सहित पूरे देश में आज यानी 21 जून को 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से अंतरराष्ट्रीय योगा डे मनाने में राष्ट्र का नेतृत्व किया। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देश के साथ-साथ बिहारवासियों को बधाई दी है। साथ ही बिहार सरकार के दोनों डिप्टी सीएम, मंत्री और सांसद ने पटना में योगाभ्यास किया। बिहार के अररिया, मधुबनी, गयाजी, भोजपुर, नवादा, सासाराम और खगड़िया जिलों में भी अधिकारियों द्वारा योग किया गया।
Highlights
अररिया में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर DM सहित अधिकारियों ने किया योग
अररिया में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर खेल भवन परिसर में योगाभ्यास किया गया। इस मौके पर अररिया डीएम अनिल कुमार और एसपी अंजनी कुमार के अलावा जिले भर के पदाधिकारी मौजूद रहे जहां सभी लोगों ने योग किया। बता दें कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर फिट इंडिया वोट इंडिया थीम पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जहां पर डीएम ने सभी लोगों को अपने शरीर को स्वस्थ रखने के लिए योग और लोकतंत्र को स्वस्थ रखने के लिए मतदान करने की अपील की। वहीं हाईस्कूल परिसर में सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने भी योग किया।
मधुबनी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 का थीम है, ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’
मधुबनी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 का थीम है, ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ आईसीसीआर ने रेखांकित किया कि यह थीम स्वास्थ्य, स्थिरता और पर्यावरण के परस्पर संबंध के बारे में एक महत्वपूर्ण सत्य को प्रतिध्वनित करती है। जो भारत के ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ के दृष्टिकोण से मेल खाती है। आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मधुबनी के खेल भवन व्यवहार न्यायालय एवं वाटसन स्कूल परिसर में योगाभ्यास किया गया। योगाभ्यास के साथ-साथ स्वस्थ, मन और स्वस्थ तन की संकल्प भी लिया गया। हर उम्र के व्यक्ति को युवा अभ्यास करना चाहिए। अपने स्वास्थ्य के लिए योग अभ्यास करते समय विशेषज्ञों जानकारी की देखरेख में करना चाहिए। जिससे मनुष्य अधिक से अधिक लाभ मिल सके। वहीं इस खास कार्यक्रम में जिला सत्र न्यायाधीश अनामिका टी और एडीएम मुकेश रंजन ने भी योग किया।

गयाजी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन द्वारा योग कार्यक्रम का आयोजन
गयाजी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के नूतन नगर स्थित कार्यालय में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, और भाजपा के नेतागण भी इस अवसर पर उपस्थित हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6 बजे सामूहिक प्रार्थना एवं ओम Chanting के साथ हुई
वहीं कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः छह बजे सामूहिक प्रार्थना एवं ओम Chanting के साथ हुई। तत्पश्चात योग प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में सभी उपस्थितजनों ने विभिन्न योग आसनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो न केवल शारीरिक बल देता है, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक ऊर्जा भी प्रदान करता है। उन्होंने यह भी कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग को अपनाना प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक हो गया है।
PM मोदी के प्रयासों से योग पूरे विश्व में भारतीय संस्कृति का प्रतीक बन चुका है
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज योग पूरे विश्व में भारतीय संस्कृति का प्रतीक बन चुका है। कार्यक्रम में शामिल सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने योग के लाभों को आत्मसात करने की शपथ ली और इसे अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन जलपान एवं सामूहिक चर्चा के साथ हुआ। योग दिवस का यह आयोजन सफल, अनुशासित और प्रेरणादायक रहा, जिसने सभी को स्वास्थ्य और संतुलन की दिशा में एक सकारात्मक प्रेरणा दी। आज के कार्यक्रम में गया जिला भाजपा के कोषाध्यक्ष दीपक पांडे, पूर्व मीडिया प्रभारी संतोष ठाकुर, सुनील रविदास, मंटू कुमार, महेश यादव और बबलू गुप्ता सहित दर्जनों लोग शामिल हुए।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भोजपुर के जिलाधिकारी ने योग कर लोगों को योग के प्रति किया जागरूक
जिला संयुक्त औषधालय भोजपुर आरा स्वास्थ्य विभाग आयुष के तत्वाधान में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर योग का आयोजन किया गया। राज्य आयुष विभाग के सौजन्य से स्वास्थ्य विभाग बिहार के यह कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें आयोजन जिला देशी चिकित्सा भाग लिए। जिसका उद्घाटन भोजपुर जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया द्वारा किया गया। मौके पर भोजपुर सिविल सर्जन शिवेंद्र कुमार सिंह, डॉक्टर ए अहमद और डीपीएम रवि रंजन सहित अस्पताल के प्रशासन मौजूद रहे। योग्य के फायदे के बारे में जिलाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई। यह आयोजन आरा सदर अस्पताल परिसर के जीएनएम भवन के समीप किया गया।

योग दिवस के अवसर पर नवादा MP विवेक ठाकुर हुए शामिल
नवादा शहर के हरिशचंद्र स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया। इस दौरान सांसद ने कहा कि 11वां अंतरराष्ट्रीय योग्य दिवस देश के 180 देश में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में नवादा में कई स्थानों पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि योग करें और निरोग रहे। उन्होंने लोगों से अपील की कि लोग योग करें और निरोग रहे। इस मौके पर शिक्षक सुभाष कुमार, नंदकिशोर चौरसिया, विक्रम यादव और रंजीत यादव सहित सैकड़ों लोग ने इस योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए।

शेरशाह सूरी के मकबरा के परिसर में योग कार्यक्रम का आयोजन
सासाराम में आज विश्व योग दिवस पर सासाराम के ऐतिहासिक शेरशाह सूरी के मकबरा के परिसर में योग का कार्यक्रम आयोजन किया गया। एनसीसी के बच्चों ने इस योग कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान योग के अलग-अलग विद्याओं की जानकारी दी गई। एनसीसी के प्रशिक्षित योग शिक्षक ने बच्चों को योग के गुण सिखाए। पूरी तरह प्राकृतिक छटा के बीच ऐतिहासिक शेरशाह सूरी के मकबरा के परिसर में योग का नजारा कुछ अद्भुत देखने को मिला। इस दौरान उपस्थित बच्चों को पूरी तन्मयता से योग करते हुए देखा गया। बता दें कि योग से तन मन स्वस्थ होता है और जीवन में नव ऊर्जा का संचार होता है। एनसीसी के अधिकारी चंदन कुमार भी योगाभ्यास किया।

खगड़िया में भी जगह-जगह मनाया गया योग दिवस
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मा और शरीर का मेल है। यह हमें तनाव से मुक्ति, स्वास्थ्य की शक्ति और मन की शांति देता है। आज के दिन एक संकल्प लें हर दिन योग करेंगे, तन-मन स्वस्थ और जीवन खुशहाल बनाएंगे। खगड़िया में जगह-जगह अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। वहीं श्याम लाल मेडिकल कॉलेज और परमानंद पुर खगड़िया के मैदान में बिहार सरकार के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, जिला अध्यक्ष शत्रुघ्न भगत, पूर्व विधायक चंद्रमुखी देवी और कालेज के निदेशक डॉ. विवेकानंद सहित भाजपा के कार्यकर्ता और लोग मौजूद थे।

महाबोधि मंदिर के समीप जय प्रकाश उद्यान में अंतराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन, मांक्षी ने की शिरकत
बोधगया के महाबोधि मंदिर के समीप जय प्रकाश उद्यान में अंतराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया था। जिसमें केंद्रीय सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने शिरकत की और योगाभ्यास किया। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि योग से आदमी स्वस्थ रहता है। योग्य के माध्यम से आत्मा से परमात्मा तक का मिलन संभव है। प्रत्येक व्यक्ति को 10 से 20 मिनट तक योगा करनी चाहिए। सुबह का काम योग के नाम रोज नीत तमाम युवा बुजुर्ग एवं भाइयों योग की अवश्य करें, स्वस्थ रहे।

मांझी ने कहा- अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर दक्षिण केंद्रीय विश्वविद्यालय में शामिल हुए
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय के मंत्री जीतन राम मांझी ने योगाभ्यास करने वाले प्रतिभागियों को योग के महत्व और उद्देश्यों को विस्तार से बताया। मांझी ने विश्व योग दिवस के आयोजन के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी। बोधगया में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्व विद्यालय गया, आईआईएम बोधगया और केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक, शिक्षिकाओं और कर्मियों ने भाग लिया।
मंटू भगत, अमर कुमार, आशीष कुमार, नेहा गुप्ता, अनिल कुमार सलाउद्दीन और राजीव कुमार की रिपोर्ट