रांची: झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री इरफान अंसारी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की परिवर्तन यात्रा पर तीखा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की यह यात्रा झारखंड की जनता के लिए सिर्फ एक मजाक है और ग्राउंड पर पार्टी की कोई वास्तविक स्थिति नहीं है। अंसारी ने बीजेपी पर झारखंड की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि राज्य में पार्टी के खिलाफ भारी आक्रोश है।
मंत्री अंसारी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा को भी निशाने पर लिया, जिन्हें उन्होंने सलाह दी कि वे अपने राज्य असम पर ध्यान दें और झारखंड की राजनीति में हस्तक्षेप न करें। उन्होंने कहा, “शर्मा जी, आप असम पर ध्यान दें। आपकी टिप्पणियों से झारखंड की जनता में डर पैदा हो रहा है।”
अंसारी ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि उसकी मंशा केवल झारखंड की खनिज संपदा को लूटने की है, और राज्य की विकास की दिशा पर कोई ठोस काम नहीं किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 तारीख को जमशेदपुर में बड़े पैकेज की घोषणा करेंगे, लेकिन वास्तविकता में कोई पैकेज नहीं मिलेगा।
अंसारी ने आदिवासी समुदाय की समस्याओं को उजागर करते हुए, सना धर्म कोड के लागू होने की मांग की और कहा कि आदिवासी समुदाय की स्थिति दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है।


