Jharkhand Witch Hunting Horror: पश्चिमी सिंहभूम में डायन बिसाही के शक में महिला और उसके एक साल के बेटे को जिंदा जलाया गया। 10 आरोपी चिन्हित, 4 गिरफ्तार, जांच जारी।
Jharkhand Witch Hunting Horror पश्चिमी सिंहभूम : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में अंधविश्वास की आड़ में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के कलाइया गांव के कुदारसाई टोला में मंगलवार रात करीब नौ बजे डायन बिसाही के शक में एक दंपती और उनके मासूम बच्चे पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी गई। इस घटना में ज्योति सिंकू 32 वर्ष और उसके एक साल के बेटे आदित्य सिंकू की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पति कोल्हान सिंकू 36 वर्ष गंभीर रूप से झुलस गया है।
Jharkhand Witch Hunting Horror: आवाज देकर बुलाया और पेट्रोल छिड़क कर लगा दी आग
घटना के बाद घायल कोल्हान सिंकू ने बताया कि गांव के रिश्तेदार रासिका उर्फ चेचे बिरुवा ने घर के बाहर मामा मामा कहकर आवाज दी। आवाज सुनकर वह और उसकी पत्नी बाहर निकले। इसके बाद ग्रामीणों ने ज्योति पर डायन होने का आरोप लगाया। कोल्हान ने सुबह पंचायत में मामला रखने की बात कही, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। इसी बीच पेट्रोल से भरा गैलन लाकर उन पर उड़ेल दिया गया। दंपती डरकर घर की ओर भागे, तभी माचिस जलाकर आग लगा दी गई।
इस दौरान कोल्हान किसी तरह जान बचाकर भाग निकला, जबकि उसका बड़ा बेटा जानी सिंकू भी मौके से भागने में सफल रहा। गंभीर रूप से झुलसे कोल्हान को पहले कुमारडुंगी अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में हालत गंभीर होने पर चाईबासा सदर अस्पताल रेफर किया गया।
Key Highlights
पश्चिमी सिंहभूम में डायन बिसाही के शक में दंपती और बच्चे को जलाया
महिला और एक साल के बेटे की मौत, पति गंभीर रूप से घायल
10 आरोपी चिन्हित, चार गिरफ्तार
फॉरेंसिक जांच शुरू, पुलिस की छापेमारी जारी
अंधविश्वास और अशिक्षा को घटना का मुख्य कारण बताया गया
Jharkhand Witch Hunting Horror: 10 आरोपी चिन्हित, चार गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में 10 आरोपियों को चिन्हित किया है। घटना के बाद कुछ आरोपी स्वयं कुमारडुंगी थाना पहुंचे और पुलिस के समक्ष अपराध स्वीकार किया। थाने पहुंचे चार लोगों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें रासिका उर्फ चेचे बिरुवा 29 वर्ष, जेना बिरुवा 19 वर्ष, सोना बिरुवा 36 वर्ष और डेकला सिंकू 20 वर्ष शामिल हैं। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
जगन्नाथपुर के एसडीपीओ राफेल मुर्मू ने कहा कि यह अंधविश्वास से जुड़ी जघन्य घटना है। मामले की गहन जांच की जा रही है और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
Jharkhand Witch Hunting Horror: अंधविश्वास, अशिक्षा और संपत्ति विवाद की पृष्ठभूमि
सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि डायन बिसाही की घटनाओं के पीछे अंधविश्वास के साथ अशिक्षा, संपत्ति विवाद और निजी रंजिश जैसे कारण सामने आते हैं। पद्मश्री छुटनी महतो ने कहा कि ऐसे मामलों पर रोक के लिए कड़े कानून और जागरूकता अभियान की आवश्यकता है। जब तक सामाजिक स्तर पर ठोस पहल नहीं होगी, तब तक ऐसी घटनाओं को पूरी तरह रोक पाना मुश्किल होगा।
Highlights


