जानिए स्टार्स कैसे सेलिब्रेट करते हैं होली
जानिए स्टार्स कैसे सेलिब्रेट करते हैं होली- देशभर में रंगों का त्योहार होली बहुत धूमधाम से मनाया जाता है. सिनेमा से जुड़े लोग भी अपने अंदाज में होली मनाते हैं. हालांकि, कोरोना वायरस की वजह से होली का रंग पिछले दो वर्षों से फीका रहा. पर इस त्योहार को बॉलीवुड सेलेब्स अपने ही अंदाज में सेलिब्रेट करते हैं. आज आपको हम बताने जा रहे हैं कि आपके चेहते होली के त्योहार को कैसे सेलिब्रेट करते हैं-
शानदार पार्टियों के लिए जाने जाते थे राज कपूर

राज कपूर को उनकी शानदार पार्टियों के लिए भी जाना जाता था. हर साल वे अपने बनाए आरके स्टूडियो में होली और दीपावली का जश्न मनाते थे. आरके स्टूडियो की होली का कोई जवाब ही नहीं था.
अमिताभ बच्चन फिल्म के गीत होली के रंग को करते हैं गाढ़ा

बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन की फिल्मों के गीत भी होली के रंग को गाढ़ा करते हैं. बॉलीवुड के स्क्रीन पर बिग बी ने खूब होली खेली है. चाहे वो फिल्म सिलसिला हो या फिर बागवां. गंगा किनारे वाले अमिताभ को होली खेलने में बहुत मजा आता है. फिल्मी परदे पर जमकर होली खेलने वाले अमिताभ रीयल लाइफ में भी खूब होली खेलते हैं. अमिताभ बच्चन की होली पार्टी भी काफी फेमस रही है.
अमिताभ बच्चन के यहां होता था गुलाल और भांग का रंग

गीतकार समीर अनजान ने कहा कि अमिताभ बच्चन के यहां बहुत धमाल होता था. वे सबको अटैंड करते थे. रंग, गुलाल और भांग का रंग भी होता था. संस्कारों के साथ इज्जत और प्यार से होली खेली जाती थी. बच्चन साहब कमाल के होस्ट हैं. वे खुद मेरे बाबूजी गीतकार अनजान साहब (लालजी पांडे) के लिखे गीत ‘खइके पान बनारस वाला’ गाते और नाचते तो बेहद खुशी होती थी. मुझे याद है जब बागवान फिल्म के गीत ‘होरी खेले रघुबीरा…गाने की शुटिंग हुई थी. तब हमें लगा ही नहीं कि हम गाना बना रहे हैं. ऐसा लगा कि हम होली मना रहे हैं. उनकी मस्ती और एनर्जी लेवल कमाल का था. हमें लगा कि इस उम्र में भी वो ऊर्जा से भरपूर हैं. वो जो गाना शूट किया है आपको देखकर लगेगा नहीं कि उन्होंने कितनी मस्ती के साथ उस गाने को हेमा मालिनी के साथ शूट किया.
यशराज स्टूडियो में होती थी होली पार्टी

उस दौर में फिल्मकार यश चोपड़ा होली पार्टी यशराज स्टूडियो में किया करते थे. फिल्ममेकर सुभाष घई पहले अपने मड आइलैंड वाले बंगले पर होली पार्टी किया करते थे. शबाना आजमी और जावेद अख्तर भी लंबे समय से होली पार्टी थ्रो करते आ रहे हैं. शबाना के पिता कैफी आजमी ने ये ट्रेडीशन शुरू किया था. जाने-माने फिल्म लेखक और निर्देशक रूमी जाफरी ने बताया कि जब मैं मुंबई आया तो सबसे पहली होली यश चोपड़ा के यशराज स्टूडियो में अटैंड की थी. वो फंक्शन मुझे आज तक याद है. सबसे ज्यादा मैं हैरान था कथक क्वीन सितारा देवी को देखकर, होली के दिन एनर्जेटिक डांस देखकर. बहुत ही सुंदर बहुत ही ग्रेसफुल तरीके से उन्होंने परफॉर्म किया. क्या ग्रेट पर्सनालिटी थी. उसके बाद मैंने सुभाष घई के मड आईलैंड पर होली अटेंड की थी.
‘खाइके पान’ पर करते थे अमिताभ बच्चन डांस
बॉलीवुड में सबसे ज्यादा गीत लिखकर गिनीज बुक रिकॉर्ड होल्डर गीतकार समीर अनजान ने बताते हैं कि मैं बनारस से हूं. बनारस की होली तो दुनियाभर में मशहूर है. मुंबई में अमिताभ बच्चन की होली पार्टी में जाने का मौका मुझे भी मिला. वहां जब-जब पार्टी में हम गए वहां खूब एंजॉय किया. होली रंगों का और प्रेम का त्योहार है. जहां सब लेखक, कलाकार, फिल्म से जुड़े सभी लोग मिलते थे, और मस्ती करते थे.
शाहरुख खान दोस्तों के साथ जमकर खेलते हैं होली

बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान भी अपने दोस्तों के साथ जमकर होली खेलते हैं. हर बार वह अपने दोस्तों और परिवार के साथ खेली गई होली की कई तस्वीरें सामने आई है. जिसमें वे अपनी पत्नी गोरी खान के साथ होली का खूब मजा लेते है. शाहरुख खान और गौरी खान सालों से होली पार्टी दे रहे हैं. शुरू में शाहरुख खान की होली पार्टीज में पानी का इस्तेमाल होता था, लेकिन बाद में कपल पार्टी में मोगरा के फूलों से गेस्ट का स्वागत करने लगे. एकता कपूर भी होली पार्टी देती हैं. उनकी इस पार्टी में टीवी इंडस्ट्री से भी कई सितारे पहुंचते हैं.
होली के दिन खूब मस्ती करते हैं अक्षय कुमार

अक्षय कुमार का भी नाम उन सेलेब्स में शामिल है जो होली के दिन खूब मस्ती करते हैं. खास बात यह है कि होली खेलने के साथ-साथ वह ठंडाई खुद हीं बनाते हैं. सिर्फ बॉलीवुड फिल्में नहीं बल्कि रियल लाइफ में भी जमकर होली खेलते हैं.
कुर्ता फाड़ होली खेलते हैं सलमान खान

बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान हर त्योहार को जमकर मनाते हैं. बजरंगी भाईजान शर्टलेस होकर होली खेलते हैं. सलमान खान की तस्वीर देखकर तो लगता है सलमान कुर्ता फाड़ होली खेलने में ज्यादा विश्वास रखते हैं. वह अपने फ्रेंड्स और फैमिली मेंबर्स के साथ इस त्योहार को मनाते हैं.
ये स्टार भी किसी से पीछे नहीं हैं

बॉलीवुड के कई ऐसे स्टार हैं जो किसी अभिनेता या अभिनेत्री से होली खेलने में पीछे नहीं हैं. चॉकलेटी लुक एक्टर वरुण धवन, धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित, लोकप्रिय आइटम नंबर ‘दिलबर-दिलबर’ से बॉलीवुड में रातोंरात मशहूर हुईं अभिनेत्री नोरा फतेही, अजय देवगन और उनकी पत्नी काजोल और तनीषा मुखर्जी, प्रियंका चोपड़ा सहित कई स्टार जमकर होली खेलते है.
होली पर मिलने-जुलने की खत्म हो रही परंपरा
गीतकार समीर अनजान ने बताया कि होली गले लगाने का त्योहार है. लेकिन धीरे-धीरे मिलने-जुलने की परंपरा अब खत्म हो रही है. दो गाने ऐसे मिल गए जिसने होली के रंग से मेरी कलम को जोड़ दिया. ‘होली खेले रघुबीरा’ और ‘लेट्स प्ले होली’ दोनों ही लोगों की जुबां पर चढ़ गए. पहले व्यस्तताओं ने एक-दूसरे से दूर किया और अब कोरोना ने सबको दूर कर दिया है. अब तो बस टेलीविजन के शो में होली के रंग नजर आते हैं.
Happy Holi 2022 : रांची सहित पूरे राज्य में मनाया जा रहा रंगों का त्योहार

















