एस के राजीव
स्टालिन के बिगड़ी को बना रहे लालू !
पटना : देश सहित बिहार की सियासत में खुद को राजनीति का भगवान कहे जाने वाले राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को भी अब अंतत: भगवान की शरण में जाना पड़ रहा है। दरअसल, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एसके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने एक बयान दिया जिसमें उन्होंने हिन्दू धर्म की तुलना मच्छरों से की थी और कहा था कि भारत में हिंदू धर्म मच्छरों की तरह बढ़ रहा है। उदयनिधि के इस बयान के बाद देश भर में सियासत तेज हो गई। I.N.D.I.A गठबंधन के नेताओं ने भी इस बयान से अपना पल्ला झाड़ लिया तो वहीं बिहार में इसे लेकर सियासत पिछले 72 घंटों से अभी भी जारी है।
दरअसल, देश में भाजपा प्रो हिंदू की राजनीति करती आ रही है। लिहाजा भाजपा को बैठे बिठाये एक मुद्दा मिल गया और भाजपा ने इसके सहारे अपने लोकसभा की चुनावी बैतरणी पार करने की तैयारी शुरू कर दी। जाहिर है ऐसे में बिहार की राजनीति के क्षत्रप माने जाने वाले लालू प्रसाद यादव ने बयान का विरोध तो नहीं किया लेकिन खुद को सच्चा सनातनी बताने के लिए अब मदिरों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। यहां आपको बताते चलें कि कभी ‘माय’ समीकरण के बहाने अपना सियासी हित साधनेवाले लालू अब पूरी तरह से मंदिरों में जाकर भगवान के द्वार की खाक छानने में लगे हैं। कभी मुंबई स्थित सिद्धि विनायक मंदिर में जाकर पूजा करते हैं तो कभी अपने ससुराल गोपालगंज के थावे मंदिर जाकर मां की अराधना करते है और 24 घंटे पहले बाबा हरिहरनाथ के दरबार में सपरिवार जाकर हाजरी भी लगायी।
लालू के इस भक्ति रूप के कई मायने हैं। एकतरफ जहां इसे उदयनिधि के बयान के डैमेज कंट्रोल से जोड़कर देखा जा रहा है तो वहीं दूसरी तरफ लालू इससे भाजपा को भी जवाब देना चाहते हैं कि सनातन के एकमात्र हिमायति सिर्फ भाजपा ही नहीं है और अगर भाजपा लोकसभा चुनाव में इसे मुद्दा बनाएगी तो लालू के पास बिहार में उसका तोड़ भी है। जहां भाजपा की कुछ भी नहीं चलने वाली है।
https://22scope.com/lalu-yadav-and-rabri-devi-offered-prayers-at-baba-hariharnath-temple/







