कांग्रेस- ईडी गठबंधन का घोषणापत्र खतरनाक : पीएम मोदी

22Scope News

डिजीटल डेस्क : भाजपा का घोषणापत्र जारी होने के बाद लोकसभा चुनाव में प्रचार की कमान संभालते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले में पहुंचे। वहां नर्मदापुरम लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी दर्शन सिंह के समर्थन में पिपरिया में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडी गठबंधन पर जमकर हमला बोला। एक झटके में गरीबी दूर करने वाले बयान को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को आड़े हाथ लिया। उनपर शहजादा और जादूगर होने का तंज भी कसा। यही नहीं, उन्होंने कांग्रेस व इंडी गठबंधन के घोषणा पत्र को खतरनाक बताया।

मां नर्मदा के जयघोष से अपने संबोधन की शुरूआत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भाजपा भारत की सेवा में इसलिए लगी है जिससे भारत मजबूत और सशक्त बनें। उन्होंने सवाल दागते हुए कहा कि क्या एक स्थिर, कमजोर, भ्रष्ट और स्वार्थी नेताओं का इंडी गठबंधन देश को मजबूत बना सकता है। इंडी गठबंधन के दलों के घोषणा पत्र में एक से बढ़कर एक खतरनाक वादे हैं। उनके एक साथी के घोषणा पत्र की एक एक लाइन ऐसी है जो देश को आर्थिक रूप से दिवालिया बना सकती है। उनके एक साथी का घोषणा पत्र कहता है कि भारत से परमाणु हथियार खत्म कर देंगे। ऐसा करके ये किसे मजबूत बनाने की बात कर रहे हैं।

बाबा साहेब के संविधान के चलते आदिवासी बेटी बनी राष्ट्रपति : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने बाबा साहेब के बहाने भी इंडी गठबंधन को जमकर आड़े हाथ लिया। कहा कि कांग्रेस जैसी पार्टियों ने हमेशा बाबा साहेब को अपमानित किया है। बाबा साहेब ने जो संविधान बनाया उसके कारण ही आज देश की राष्ट्रपति एक आदिवासी परिवार की बेटी है। जिस समाज को सबसे अंत में पूछा गयाए जिसको वंचित रखा गया उस समाज की बेटी आज देश की राष्ट्रपति के रूप में पहली नागरिक है। कांग्रेस ने आदिवासी समाज के योगदान को कभी भी स्वीकार नहीं किया। भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित करने का सौभाग्य भी भाजपा सरकार को मिला है।  भाजपा ने बाबा साहेब को सिर्फ विचारों तक सीमित नहीं रखा बल्कि आधुनिक भारत में उनके योगदान को नई पहचान दी है। भाजपा भारत की सेवा में लगी है ताकि भारत सशक्त बने। वहीं हताश कांग्रेस ऐसी घोषणाएं कर रही है जो खुद कांग्रेस के नेताओं को ही समझ नहीं आ रही। जो विपक्षी पार्टियां खुद को मजबूत नहीं बना सकतीं, वो देश को क्या मजबूत बनाएंगी।

10 साल से सत्ता से बाहर होकर छटपटा रहे कांग्रेसी : पीएम मोदी

इसके बाद पीएम मोदी ने कांग्रेस और राहुल पर जमकर निशाना साधा। कहा कि आजादी के बाद अनेक दशक तक कांग्रेस के एक ही परिवार ने सीधे या रिमोट कंट्रोल से सरकार चलाई। इसी परिवार ने देश में आपातकाल लगाया था। कांग्रेस देशभर में लोकतांत्रिक सरकारों को जब मर्जी आई तब गिरा देती थी। कांग्रेस ने इतिहास को अपने हिसाब से तोड़ा-मरोड़ा और लिखवाया। इन्होंने खुद का ही महिमामंडन करवाया। कांग्रेस की मानें तो तब लोकतंत्र ठीक चल रहा था और फल-फूल रहा था। लेकिन जैसे ही गरीब का बेटा प्रधानमंत्री बना तो कांग्रेस अफवाह फैलाने लगी कि संविधान और लोकतंत्र खतरे में आ गया। अब तो कांग्रेस का शाही परिवार धमकी दे रहा है कि मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बना तो देश में आग लग जाएगी। आग देश में नहीं बल्कि आग और जलन उनके दिलों में लगी है। ये जलन उनके दिल और दिमाग में ऐसे भरी पड़ी है कि वो उनको अंदर से जला रही है।

अटपटे वादों के चलते हंसी के पात्र बनते हैं राहुल गांधी : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस के लोग 10 साल से सत्ता से बाहर हैं और 10 साल में ऐसे छटपटा रहे हैं कि जैसे उनका और उनकी भावी पीढ़ियों का सबकुछ लूट गया हो। उनका तौर-तरीका यही रहेगा तो ये जलन उनको इतना जला देगी कि देश उनको आगे कभी मौका नहीं देगा। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शहजादे राहुल गांधीद् ने हाल ही में घोषणा की कि एक झटके में देश की गरीबी हटा दूंगा। अरे, यह शाही जादूगर अब तक कहां छिपा था। 50 साल पहले इनकी दादी ने गरीबी हटाने की घोषणा की थी। 2014 से पहले 10 साल पहले इन्होंने रिमोट से सरकार चलाई और अब कह रहे हैं कि एक झटके में गरीबी हटाने का मंत्र मिल गया है। ये मंत्र लाए कहां से, क्या बोल रहे हैं, इन पर कोई भरोसा करेगा क्या, ऐसे दावे करते हैं, तभी ये देश भर में हंसी के पात्र बने हुए हैं।

Share with family and friends: