रांची: राज्य में मॉनसून का असर रूक रूक कर देखा जा रहा है. कुछ इलाकों में तेज बारिश और वज्रपात का असर पिछले कुछ दिनों में देखा गया.
तो कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश के बाद धूप और गर्मी ने लोगों को परेशान किया. वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो आने वाले 30 जुलाई तक राज्य में मॉनसून सक्रिय रहेगा.
इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्के और मध्यम दर्जे की बारिश होगी. जबकि राज्य के दक्षिण और मध्य इलाकों में तेज बारिश की संभावना व्यक्त की गयी है.
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद की मानें तो 30 जुलाई तक राज्य के अलग अलग हिस्सों में हल्के दर्जे की बारिश रिकॉर्ड की जायेगी.
जबकि 31 जुलाई से राज्य के सभी हिस्सों में तेज बारिश की संभावना व्यक्त की गयी है. विशेषकर दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भाग में. जिसमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, सिमडेगा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी जिला शामिल है.
विभाग की मानें तो 26 और 27 को भी इन जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी. विभाग की मानें तो आने वाले पांच दिनों तक राज्य के तापमान में कोई बदलाव नहीं दर्ज किया जायेगा.
जबकि इसके बाद तापमान में दो या तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जायेगी.
इस दौरान राज्य का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया जायेगा. जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री तक रहने की संभावना है.26 जुलाई को राज्य के दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के दर्जे की वर्षा हो
सकती है. 27 जुलाई को राज्य में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है.
28 जुलाई को राज्य के पश्चिमी तथा निकटवर्ती मध्य भागों में कई स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी.
शेष भागों में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है. 29 जुलाई को राज्य में कई स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी. 30 और 31 जुलाई को राज्य के सभी हिस्सों में बारिश दर्ज की जायेगी.

















