Chaibasa: जिले के घने सारंडा जंगल में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 15 से अधिक नक्सलियों के मारे जाने की खबर सामने आ रही है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने सारंडा जंगल क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से भारी गोलीबारी हुई। मुठभेड़ कई घंटों तक चली।
सारंडा जंगल इलाके में सर्चिंग अभियान जारीः
मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों को आशंका है कि कुछ नक्सली जंगल का फायदा उठाकर फरार हो सकते हैं। इस कारण अतिरिक्त बलों को इलाके में तैनात किया गया है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
सारंडा इलाका नक्सल गतिविधियों के लिए संवेदनशीलः
सारंडा जंगल लंबे समय से नक्सली गतिविधियों का गढ़ माना जाता रहा है। यहां पहले भी सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच कई मुठभेड़ हो चुकी हैं। हाल के महीनों में सुरक्षा बलों द्वारा नक्सल विरोधी अभियानों को तेज किया गया है, जिसके चलते नक्सली संगठन लगातार दबाव में हैं।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों की ओर से मारे गए नक्सलियों की संख्या और बरामद हथियारों को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
Highlights


