
Nalanda Chinese Temple New Building: बिहार के नालंदा स्थित चाइनीज टेंपल में आने वाले देश-विदेश के भिक्षुओं और श्रद्धालुओं को अब ठहरने और भोजन की बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके लिए मंदिर परिसर में भिक्षुओं के लिए नवनिर्मित भवन तैयार किया गया है। बुधवार, 11 नवंबर को ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने इसका उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि नालंदा ज्ञान, शांति और अहिंसा की ऐतिहासिक भूमि है। यहां दुनिया भर से आने वाले भिक्षुओं और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
किचन से लेकर डाइनिंग हॉल तक की व्यवस्था
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि नवनिर्मित भवन में भिक्षुओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर कई सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसमें किचन, डाइनिंग हॉल, कमरे और एक हॉल का निर्माण कराया गया है। इससे यहां आने वाले भिक्षुओं के ठहरने और भोजन की व्यवस्था पहले से अधिक सुगम होगी। मंत्री ने कहा कि इस भवन के निर्माण से चाइनीज टेंपल आने वाले विदेशी मेहमानों को सुविधा मिलेगी। साथ ही नालंदा में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सभी धर्मों के धार्मिक स्थलों के विकास पर जोर
श्रवण कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में सभी धर्मों के धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण को प्रमुखता दी थी। वर्तमान सरकार भी इसी दिशा में प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी धर्मों की आस्था और उनकी सुविधाओं का सम्मान करती है तथा धार्मिक स्थलों के विकास के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा।
अमेरिका में रहने वाले दंपती का विशेष सहयोग
मंत्री ने भवन निर्माण में सहयोग देने के लिए अमेरिका निवासी डॉ. चार्ल्स आंग और डॉ. खिन खिन वाई की विशेष भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सहयोग से धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार करने में मदद मिलती है।

कई देशों के भिक्षु और श्रद्धालु समारोह में हुए शामिल
भवन के उद्घाटन समारोह में चाइनीज टेंपल के प्रमुख धम्मू रत्ना मौजूद रहे। महाविहार से जुड़े करीब 120 भिक्षुओं ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इनमें वियतनाम, कंबोडिया, लाओस और थाईलैंड से आए भिक्षु शामिल थे। इसके अलावा म्यांमार और अमेरिका से करीब 200 लोग तथा अरुणाचल प्रदेश से आए 20 लोगों के समूह ने भी समारोह में भाग लिया। नालंदा में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न देशों से आए भिक्षुओं और श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने चाइनीज टेंपल के अंतरराष्ट्रीय धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को भी रेखांकित किया।
▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Highlights


















