राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर बिहार के मंत्री श्रवण कुमार ने पत्रकारिता में विश्वसनीयता और जिम्मेदारी पर जोर दिया।
Google पर 22Scope चुनें
National Press Day Bihar 2026, पटना: राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सभागार में सोमवार, 16 नवंबर को परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विषय ‘पत्रकारिता : लोकप्रियतावादी या जिम्मेदारी’ रखा गया। इसमें ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने पत्रकारिता की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकप्रियता की होड़ में पत्रकारिता को अपनी विश्वसनीयता और जिम्मेदारी नहीं भूलनी चाहिए। खबरों को प्रचारित करने से पहले उनकी सत्यता और तथ्यों की पुष्टि जरूरी है।
अपुष्ट और सनसनीखेज खबरों से बचने की जरूरत
मंत्री श्रवण कुमार ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाती है। समाज में पत्रकारिता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पत्रकारों का काम केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के सबसे निचले तबके की समस्याओं को भी सामने लाना है। उन्होंने कहा कि अपुष्ट और सनसनीखेज खबरों के प्रसारण या साझा करने से समाज में भ्रम और तनाव पैदा हो सकता है। इसलिए विश्वसनीयता और जनहित के मूल सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं करना चाहिए। किसी व्यक्ति की निजता, गरिमा और संवेदनशीलता का सम्मान करना भी पत्रकारिता की जिम्मेदारी है। समाचार और आरोप के बीच अंतर स्पष्ट रहना चाहिए।
सोशल मीडिया के दौर में हर नागरिक की जिम्मेदारी
श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार में पत्रकारिता की समृद्ध परंपरा रही है। आज सोशल मीडिया के दौर में आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी बढ़ गई है। किसी समाचार या जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता और विश्वसनीयता की जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकप्रियता अपने आप में गलत नहीं है, लेकिन इसके लिए भ्रामक तथ्यों का सहारा नहीं लिया जाना चाहिए। पत्रकारिता में स्वतंत्रता के साथ विश्वसनीयता भी जरूरी है। खबरों का प्रसार सही और तथ्यपरक जानकारी के आधार पर होना चाहिए।

नीतीश कुमार के कार्यकाल के विकास कार्यों का किया उल्लेख
अपने संबोधन में मंत्री ने बिहार में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में किए गए कार्यों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को स्कूल तक पहुंचाने के लिए साइकिल और पोशाक जैसी योजनाएं शुरू की गईं। वर्ष 2018 में बिहार देश का पहला राज्य बना, जहां घर-घर तक बिजली पहुंचाई गई। उन्होंने बताया कि पंचायती राज व्यवस्था और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर सशक्तीकरण की दिशा में कदम उठाया गया। इसके बाद सरकारी नौकरियों सहित अन्य क्षेत्रों में भी महिलाओं को आरक्षण का लाभ दिया गया। मंत्री के अनुसार, जीविका समूहों के माध्यम से करोड़ों महिलाओं और परिवारों को जोड़ा गया है। राज्य में 13 लाख स्वयं सहायता समूह बनाए गए हैं और 1.85 करोड़ परिवार इनसे जुड़े हैं।

जल-जीवन-हरियाली और नल-जल योजना का भी किया जिक्र
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि राज्य में 1.85 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपये और एक लाख महिलाओं को 20-20 हजार रुपये दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि बिहार के 97 से 98 प्रतिशत घरों तक नल का जल पहुंचाया गया है। उन्होंने जल-जीवन-हरियाली अभियान का उल्लेख करते हुए बताया कि इस कार्यक्रम के तहत ग्रामीण विकास विभाग और पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने संयुक्त रूप से राज्य में 23 करोड़ से अधिक पौधे लगाए हैं। इस अभियान के समर्थन में पांच करोड़ लोगों ने 18 हजार किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई थी।
सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विकास कार्यों का उल्लेख
मंत्री ने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में शिक्षा, उद्योग और विधि-व्यवस्था समेत विभिन्न क्षेत्रों में काम हो रहे हैं। पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 30 दिनों के भीतर जनता के काम नहीं करने वाले पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में 551 मॉडल स्कूल और 211 डिग्री कॉलेज खोले गए हैं। नए टाउनशिप और उद्योगों में निवेश को लेकर भी काम हो रहे हैं। उनके अनुसार, नीतीश कुमार की ओर से तैयार की गई विकास की नींव को सम्राट चौधरी आगे बढ़ा रहे हैं।
पत्रकारों के कल्याण के लिए सरकार की योजनाएं
श्रवण कुमार ने कहा कि मीडिया को सरकार और व्यवस्था की स्वस्थ आलोचना करनी चाहिए, लेकिन वास्तविक तथ्यों और विकासात्मक कार्यों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य में 129 पत्रकारों को पत्रकार पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है। इसके अलावा पत्रकार बीमा योजना के माध्यम से भी बड़ी संख्या में पत्रकारों को जोड़ा गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में पत्रकारों के कल्याण और सुविधाओं के लिए और काम किए जाएंगे।
पत्रकारिता में आत्मनियंत्रण और तथ्य-जांच पर जोर
परिचर्चा में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त सचिव अभिषेक पलासिया ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और जनता तथा सरकार के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय में पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदला है। पहले अखबारों का अधिक प्रभाव था, जबकि अब सोशल मीडिया पर समाचारों की पहुंच बढ़ी है। उन्होंने बिहार की बदलती विकासात्मक छवि को भी खबरों में उचित स्थान देने की बात कही।
टाइम्स ऑफ इंडिया के वरिष्ठ सहायक संपादक मदन कुमार ने कहा कि मौजूदा दौर में पत्रकारिता के लिए आत्मनियंत्रण, निष्पक्षता और जवाबदेही बेहद जरूरी है। सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर नियंत्रण की आवश्यकता है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सहित आधुनिक तकनीकों के बढ़ते इस्तेमाल से फर्जी खबरों की चुनौती भी बढ़ी है। ऐसे में तथ्यों और प्रमाणिक आंकड़ों के आधार पर ही सूचनाओं का प्रसार होना चाहिए। जी टीवी के ब्यूरो चीफ रजनीश कुमार ने कहा कि खबरों की लोकप्रियता गलत नहीं है, लेकिन उसमें सत्यता और जिम्मेदारी भी होनी चाहिए। कशिश चैनल के संजय कुमार ने पत्रकारिता को पेशे के साथ समाज के प्रति दायित्व बताया। वहीं, कला रॉय ने कहा कि समय और तकनीक के बदलाव के साथ पत्रकारिता का स्वरूप भी बदला है, लेकिन केवल सनसनीखेज खबरें बनाना पत्रकारिता नहीं है। कार्यक्रम को विभाग के सुनील पाठक और पिंडार के संपादक अतिकुर रहमान ने भी संबोधित किया। शुरुआत में संयुक्त सचिव अभिषेक पलासिया ने मंत्री का स्वागत किया। मंच पर संयुक्त निदेशक रविभूषण सहाय और नागेंद्र गुप्ता मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक नूपुर झा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक निदेशक विनीत सिन्हा ने किया।
▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
National Press Day पर मंत्री श्रवण कुमार ने पत्रकारिता को लेकर क्या संदेश दिया?
उन्होंने कहा कि लोकप्रियता की होड़ में पत्रकारिता को अपनी विश्वसनीयता और जिम्मेदारी नहीं भूलनी चाहिए। खबरों को प्रचारित करने से पहले उनकी सत्यता और तथ्यों की पुष्टि जरूरी है।
बिहार में National Press Day पर कौन सा विषय चुना गया था?
परिचर्चा कार्यक्रम का विषय 'पत्रकारिता : लोकप्रियतावादी या जिम्मेदारी' रखा गया था।
मंत्री ने बिहार में महिला सशक्तीकरण के किन कदमों का जिक्र किया?
पंचायती राज व्यवस्था और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। राज्य में 13 लाख स्वयं सहायता समूह बनाए गए हैं और 1.85 करोड़ परिवार इनसे जुड़े हैं।
बिहार में नल जल योजना की क्या स्थिति है?
मंत्री के अनुसार बिहार के 97 से 98 प्रतिशत घरों तक नल का जल पहुंचाया गया है।
Highlights

















