रांची: रांची एयरपोर्ट पर शनिवार को खराब मौसम के कारण आने-जाने वाली उड़ानों के शेड्यूल पर असर पड़ा। मौसम खराब रहने की वजह से आठ विमानों के आगमन में देरी हुई, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
सुबह दिल्ली से आने वाली फ्लाइट्स में देरी दर्ज की गई। दिल्ली से सुबह 9:10 बजे आने वाली फ्लाइट 9:36 बजे पहुंची, जबकि दिल्ली से 10:10 बजे आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट 10:54 बजे लैंड हुई। इसी तरह पटना से 11:55 बजे आने वाला विमान 12:26 बजे रांची पहुंचा।
शाम के समय फ्लाइट देरी का असर और अधिक देखने को मिला। कोलकाता से 3:05 बजे आने वाला इंडिगो का विमान 4:26 बजे, दिल्ली से 4:45 बजे आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट और बेंगलुरू से 4:45 बजे आने वाला विमान दोनों 5:45 बजे पहुंचे। बेंगलुरू से 7:50 बजे आने वाला विमान करीब रात 10 बजे लैंड कर सका। वहीं, चेन्नई से 6:40 बजे आने वाला इंडिगो का विमान 7:07 बजे पहुंचा।
मौसम के कारण हुई इस देरी से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा और एयरपोर्ट पर भीड़भाड़ की स्थिति बनी रही। एयरपोर्ट अधिकारियों ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की और कहा कि मौसम सामान्य होते ही उड़ानों का संचालन समय पर होगा।