खगड़िया : खगड़िया शहर के राजेंद्र चौक स्थित गुप्ता मार्केट के एक दुकान में 20 लाख रुपए के मोबाइल सहित नगदी चौरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नगर थाना क्षेत्र में चोरों के गिरोह ने घटना को 29 नवंबर की रात अंजाम दिया गया था। शांति कम्युनिकेशन नामक दुकान का शटर काटकर 79 मोबाइलों की चोरी कर ली गई थी।
घटना के उद्भेदन व चोरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक सह नगर थानाध्यक्ष अमन के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। विशेष टीम ने घटना के अनुसंधान के क्रम में मोतिहारी जिला में छापेमारी करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। जब उनसे पूछताछ की गई तो दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस टीम ने मोतिहारी जिले के झरओहर थाना क्षेत्र के अठमुहान निवासी मो. मिराज एवं बरगीनिया थाना क्षेत्र के असोगी निवासी लाल बाबू महतो को गिरफ्तार किया है। जबकि अन्य पांच संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन मोबाइल, दो डिजिटल वाच, 14 चार्जर, एक आई फोन केबल और एक इयर फोन सहित 1860 रुपए कैश जब्त किया है।
राजीव कुमार की रिपोर्ट


