रांची: झारखंड में चुनावी माहौल चरम पर है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार देर शाम रांची पहुंचे। आज वह राज्य के तीन अलग-अलग स्थानों पर चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। श्री शाह सबसे पहले छत्तरपुर में सभा करेंगे, इसके बाद हजारीबाग और पोटका में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही, जमशेदपुर में उनका एक भव्य रोड शो भी आयोजित होगा। रांची पहुंचने के बाद उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की।
झारखंड बदलाव के मूड में: अमरेंद्र प्रताप सिंह
पूर्व बिहार मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने झारखंड में एनडीए की जीत का दावा किया है। शुक्रवार को जमशेदपुर में उन्होंने कहा, “इस बार जनता ने बदलाव का मन बना लिया है। भाजपा के साथ जदयू, आजसू और लोजपा (आर) का गठबंधन राज्य में नई सरकार बनाएगा।” उन्होंने राज्य में पिछले पांच वर्षों के शासन को कुशासन करार देते हुए कहा कि जनता इससे तंग आ चुकी है।
राहुल गांधी भी आज जमशेदपुर में करेंगे रैली
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज जमशेदपुर के मानगो गांधी मैदान में पार्टी उम्मीदवार बन्ना गुप्ता के समर्थन में जनसभा करेंगे। दोपहर 2 बजे उनकी सभा निर्धारित है। हालांकि, प्रस्तावित रोड शो को प्रशासन से मंजूरी नहीं मिली। प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने शुक्रवार को जमशेदपुर पहुंचकर सभा की तैयारियों का जायजा लिया और स्थानीय पार्टी नेताओं के साथ चर्चा की।


