पटना : बिहार आज यानी 22 मार्च को अपना 114वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस बीच सभी राज्यों से बधाई संदेश आ रहे हैं। वहीं देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार दिवस पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय विरासत को भव्यता और दिव्यता प्रदान करने वाला बिहार आज प्रगति के नित-नए अध्याय गढ़ने में जुटा है।
देश-विदेश में रहने वाले बिहार के सभी लोगों को बिहार दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया कि देश-विदेश में रहने वाले बिहार के सभी लोगों को बिहार दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। विश्व के प्रथम गणराज्य की भूमि होने के साथ-साथ, गौरवशाली साम्राज्यों और महान सांस्कृतिक-आध्यात्मिक धाराओं को जन्म देने वाली इस धरती ने विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देकर, भारत-भूमि को सदैव समृद्ध किया है। उन्होंने आगे लिखा कि मुझे विश्वास है कि राज्य के निवासी अपनी असीम प्रतिभा और परिश्रम से बिहार और पूरे देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मैं राज्य के और सभी निवासियों के, स्वर्णिम भविष्य की मंगलकामना करती हूं।
बिहार दिवस के अवसर पर राज्य के अपने सभी परिवारजनों को अनेकानेक शुभकामनाएं – PM नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया कि बिहार दिवस के अवसर पर राज्य के अपने सभी परिवारजनों को अनेकानेक शुभकामनाएं। भारतीय विरासत को भव्यता और दिव्यता प्रदान करने वाला हमारा यह प्रदेश आज प्रगति के नित-नए अध्याय गढ़ने में जुटा है। मुझे विश्वास है कि विकसित बिहार के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में यहां के कर्मठ और ऊर्जावान लोगों का समर्पण और सामर्थ्य बहुत काम आएगा।

बिहार ने लंबे समय से भारतीय विरासत को गौरव और आध्यात्मिकता प्रदान की है – PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के लोगों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार ने लंबे समय से भारतीय विरासत को गौरव और आध्यात्मिकता प्रदान की है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राज्य वर्तमान में प्रतिदिन प्रगति के नए अध्याय गढ़ रहा है। मोदी ने आगे विश्वास व्यक्त किया कि बिहार के कर्मठ और ऊर्जावान लोगों का समर्पण और क्षमता ‘विकसित बिहार’ के संकल्प को ‘विकसित भारत’ के साथ साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बिहार दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं – CM नीतीश कुमार
बिहार दिवस पर राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा कि बिहार दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। बिहार का इतिहास गौरवशाली रहा है और हम वर्तमान में अपने निश्चय से बिहार का गौरवशाली भविष्य तैयार कर रहे हैं। समृद्ध बिहार के संकल्प को पूरा करने हेतु मैं आप सभी का आह्वान करता हूं। हम सब मिलकर बिहार के गौरव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे।
बिहार स्थापना दिवस की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं – विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार
बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने पोस्ट किया कि बिहार स्थापना दिवस की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन अवसर हमारे गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को और मजबूत करता है। आइए, हम सभी मिलकर विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण में अपना योगदान दें।

बिहार दिवस मनाने की शुरुआत कब हुई थी?
बिहार दिवस मनाने की शुरुआत साल 2010 में हुई थी। इसे बिहार सरकार ने आधिकारिक तौर पर शुरू किया था। इसका मुख्य उद्देश्य बिहार के इतिहास, संस्कृति और पहचान को सम्मान देना है, ताकि लोग अपने राज्य पर गर्व महसूस करें। 22 मार्च को बिहार दिवस इसलिए मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन साल 1912 में बिहार को बंगाल प्रेसिडेंसी से अलग करके एक नया राज्य बनाया गया था। उस समय बिहार और उड़ीसा (आज का ओडिशा) एक साथ एक ही प्रांत थे। बाद में साल 1936 में उड़ीसा अलग राज्य बन गया और बिहार अलग पहचान के साथ आगे बढ़ा।
बिहार दिवस मनाने का मकसद
बिहार दिवस मनाने का मकसद सिर्फ एक तारीख को याद करना नहीं है, बल्कि अपने राज्य की पहचान और गौरव को दिखाना भी है। इस दिन बिहार के इतिहास को याद किया जाता है और लोगों को बताया जाता है कि उनका राज्य कितना समृद्ध और महत्वपूर्ण रहा है। साथ ही इस दिन बिहार की संस्कृति, परंपरा, लोक कला, संगीत, नृत्य और खान-पान को भी बढ़ावा दिया जाता है। इस मौके पर सरकार अपनी योजनाओं और राज्य की प्रगति को भी लोगों के सामने रखती है, ताकि यह बताया जा सके कि बिहार किस तरह आगे बढ़ रहा है।
यह भी पढ़े : बिहार का 114वां स्थापना दिवस : टावर चौक से गांधी मैदान तक ‘मैराथन फॉर बिहार’ का आयोजन
Highlights


