रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज झारखंड के चंदनकियारी में भाजपा उम्मीदवार अमर बाउरी के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने झारखंड के विकास के लिए भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) पर तीखा हमला बोला।
प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड में “रोटी, बेटी और माटी” की पुकार है और जनता भाजपा को सत्ता में वापस लाने का मन बना चुकी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा ने झारखंड को बनाया है और वही इसे संवार सकती है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 2004 से 2014 के बीच कांग्रेस की सरकार ने झारखंड को केवल 8,000 करोड़ रुपये दिए, जबकि भाजपा सरकार ने 2014 से अब तक राज्य को 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का फंड दिया है।प्रधानमंत्री ने जेएमएम-कांग्रेस सरकार को भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि जनता के अधिकारों की लूट की गई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचारियों को कड़ी सजा दी जाएगी।
उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि सिंदरी का खाद कारखाना फिर से शुरू किया गया है, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिला। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि राज्य में 50 से अधिक रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाया जा रहा है और जल्द ही झारखंड के लोगों को हवाई सेवाओं का लाभ मिलेगा।पीएम मोदी ने हरियाणा का उदाहरण देते हुए झारखंड में भी बिना “खर्ची-पर्ची” के सरकारी नौकरियां देने का वादा किया। उन्होंने भर्ती माफियाओं और पेपर लीक घोटालों पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को जेल में डालेगी।
महिलाओं के लिए उन्होंने “गोगो दधी योजना” लागू करने का वादा किया, जिससे महिलाओं के बैंक खातों में सीधे पैसे भेजे जाएंगे। उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने झारखंड में पाइपलाइन के जरिए सस्ती गैस पहुंचाने की योजना भी साझा की।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर ओबीसी, एससी और एसटी समुदायों को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने झारखंड के ओबीसी समुदाय को एकजुट रहने की अपील की और कहा कि भाजपा सरकार उनके हक और पहचान को और मजबूत करेगी।पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार झारखंड में हो रही घुसपैठ को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटाने को अपनी बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि कांग्रेस इसे फिर से लागू करना चाहती है।प्रधानमंत्री ने जनता से भाजपा के उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार झारखंड को देश के सबसे समृद्ध राज्यों में शामिल करेगी। जनसभा का समापन “भारत माता की जय” के नारों के साथ हुआ।


















