रांची के कुटियातू स्थित होटल टीटॉस में फायरिंग और होटल कर्मी मनीष गोप की हत्या के आठ दिन बाद भी पुलिस को शूटरों का सुराग नहीं मिला है। मामले में प्रिंस खान गैंग की संलिप्तता सामने आई है।
Ranchi Murder Case रांची: राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित कुटियातू के होटल टीटॉस में सात मार्च को हुई फायरिंग और होटल कर्मी मनीष गोप की हत्या के आठ दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। अब तक पुलिस दोनों शूटरों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जांच में इस हत्याकांड में गैंगस्टर प्रिंस खान की संलिप्तता सामने आई है। जानकारी के अनुसार प्रिंस खान के शूटर होटल संचालक राजकुमार गोप के भांजे छोटू को निशाना बनाने के इरादे से आए थे, लेकिन गोली होटल कर्मी मनीष गोप को लग गई और उसकी मौत हो गई।
Key Highlights
होटल टीटॉस फायरिंग और मनीष गोप हत्या मामले में 8 दिन बाद भी शूटर फरार
जांच में गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग की संलिप्तता सामने आई
शूटर होटल संचालक के भांजे को निशाना बनाने आए थे
सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों का चेहरा स्पष्ट नहीं दिखा
जमीन विवाद के एंगल से भी पुलिस कर रही है जांच
Ranchi Murder Case:सीसीटीवी जांच के बाद भी नहीं मिला सुराग
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। हालांकि अब तक जांच में शूटरों का चेहरा स्पष्ट रूप से सामने नहीं आया है।
बताया जा रहा है कि दोनों हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे और भागने के दौरान बाइक का नंबर प्लेट मोड़ दिया था। इसी कारण पुलिस को उनकी पहचान करने में परेशानी हो रही है।
Ranchi Murder Case:जमीन विवाद की भी जांच
पुलिस ने कुटियातू, सदाबहार चौक और नामकुम इलाके में सक्रिय करीब एक दर्जन जमीन दलालों से भी पूछताछ की है। जांच में जमीन कारोबारियों के बीच विवाद की बात सामने आ रही है, जिसे घटना की संभावित वजह माना जा रहा है।
इसके अलावा पलामू और धनबाद में पकड़े गए प्रिंस खान के कुछ गुर्गों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, लेकिन उनसे भी शूटरों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
Ranchi Murder Case:इलाके में बना हुआ है दहशत का माहौल
घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच भय का माहौल बना हुआ है। हालांकि शुक्रवार को होटल के आसपास की दुकानें फिर से खुल गईं, लेकिन स्थानीय लोगों में अब भी घटना को लेकर चिंता और असुरक्षा की भावना बनी हुई है।
Highlights


