रांची: रातू के युवक संदीप टोप्पो की कर्रा में हुई हत्या का खुलासा हो गया है। बुधवार को रातू के सुडील गांव में ग्रामसभा के दौरान उसकी पत्नी खुशबू ने कबूल किया कि उसने अपने ब्वॉयफ्रेंड और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।
Highlights
पति से तंग आकर रची हत्या की साजिश
ग्रामसभा में खुशबू ने बताया कि रोज-रोज के झगड़ों से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। हत्या की रात वह भी घटनास्थल पर मौजूद थी। उसके बयान के बाद गांव की महिलाओं और मृतक की बहनों ने उस पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन ग्राम प्रधान किशोर कच्छप ने ऐसा होने से रोका और तुरंत कर्रा पुलिस को सूचना दी।
प्रेम विवाह के बाद भी नहीं मिली शांति
संदीप टोप्पो ने खुशबू से प्रेम विवाह किया था। वह सरना आदिवासी था, लेकिन शादी के लिए उसने ईसाई धर्म अपना लिया था। हालांकि, उसके परिवार ने इस शादी का विरोध किया था। हत्या के बाद संदीप का अंतिम संस्कार सरना रीति-रिवाज से किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
ग्रामसभा ने खुशबू को पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके प्रेमी को कर्रा पुलिस ने चैनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।