झारखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, प्रधानमंत्री मोदी के दौरे पर मौसम का असर संभव

झारखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, प्रधानमंत्री मोदी के दौरे पर मौसम का असर संभव

Jharkhand : बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्व में बने डीप डिप्रेशन (निम्न दबाव) का असर झारखंड के अधिकांश हिस्सों में देखा जा रहा है। शनिवार को रांची सहित राज्य के कई जिलों में सुबह से शाम तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल से झारखंड होते हुए छत्तीसगढ़ तक डीप डिप्रेशन का क्षेत्र बन रहा है, जिसके कारण 15 सितंबर को इसका सबसे अधिक प्रभाव झारखंड में देखने को मिलेगा।

इसकी वजह से रांची, रामगढ़, खूंटी, सिमडेगा और गुमला में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां भारी से भारी बारिश की संभावना है। लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम और बोकारो में ऑरेंज अलर्ट जारी है, जबकि चतरा, हजारीबाग, गिरिडीह और पूर्वी सिंहभूम में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में रुक-रुक कर भारी बारिश हो सकती है, और इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, साथ ही ठनका गिरने की भी आशंका है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 सितंबर से मौसम साफ होना शुरू हो जाएगा, लेकिन रांची में 20 सितंबर तक हल्की बारिश जारी रह सकती है। पिछले दो हफ्तों में राज्य में अच्छी बारिश हुई है, हालांकि अब भी सामान्य से 15% कम बारिश दर्ज की गई है। 14 सितंबर तक सामान्य बारिश 913.4 मिमी होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 779 मिमी बारिश हुई है। रांची में हालांकि सामान्य से 1.1 मिमी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।

इसी बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए जमशेदपुर जाने का कार्यक्रम है। लेकिन रांची में जारी भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने वैकल्पिक योजना (प्लान बी) तैयार की है। अगर खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पाता, तो प्रधानमंत्री मोदी को रांची एयरपोर्ट पर रुकना पड़ सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

Share with family and friends: