सहारा इंडिया मामले में झारखंड के 90 लाख निवेशकों के 33 हजार करोड़ फंसे, CID ने 12 आरोपियों पर केस दर्ज कर 71 संपत्तियों की जब्ती प्रक्रिया शुरू की।
Sahara India Scam रांची: सहारा इंडिया समूह से जुड़े निवेश घोटाले में झारखंड के करीब 90 लाख निवेशकों के 33 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि फंसी हुई है। इस बड़े वित्तीय मामले में सीआईडी ने कार्रवाई तेज करते हुए 12 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब एजेंसी आरोपियों की संपत्तियों को चिह्नित कर जब्ती की प्रक्रिया में जुट गई है।
Sahara India Scam:CID की जांच और आरोपियों पर कार्रवाई
सीआईडी ने 11 सितंबर 2025 को इस मामले में 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। आरोपियों में स्वप्ना राय, जयन्नत राय, सुषांत राय, सीमांत राय, ओपी श्रीवास्तव, संजीव कुमार, नीरज कुमार पाल, जितेंद्र कुमार वर्शनेय, श्याम वीर सिंह उर्फ एसबी सिंह, अलख सिंह, पवन कपूर और तापस राय शामिल हैं।
जांच एजेंसी को दी गई जानकारी के अनुसार इन आरोपियों से जुड़ी कुल 71 संपत्तियों का पता चला है, जिनकी अनुमानित कीमत 125 करोड़ रुपए से अधिक है।
Key Highlights
झारखंड के 90 लाख निवेशकों के 33 हजार करोड़ रुपए फंसे
CID ने 12 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की
71 संपत्तियों की पहचान, कीमत 125 करोड़ से अधिक
मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड में फैली संपत्तियां
जब्ती के जरिए निवेशकों को राहत दिलाने की कोशिश
Sahara India Scam:कई राज्यों में फैली संपत्तियां
सीआईडी को मिली जानकारी के मुताबिक आरोपियों की संपत्तियां कई राज्यों में फैली हुई हैं। मध्य प्रदेश में लगभग 90 करोड़ रुपए की संपत्ति, बिहार के बेगूसराय और पटना में करीब 41 करोड़ रुपए की संपत्ति और झारखंड के बोकारो, धनबाद व रांची में करीब 10 करोड़ रुपए की संपत्ति चिन्हित की गई है।
एजेंसी अब इन संपत्तियों की पहचान और दस्तावेजी सत्यापन कर रही है, ताकि कानूनी प्रक्रिया के तहत इन्हें जब्त किया जा सके।
Sahara India Scam:निवेशकों को राहत दिलाने की तैयारी
सीआईडी का मुख्य उद्देश्य इन संपत्तियों को जब्त कर निवेशकों की फंसी रकम की आंशिक भरपाई सुनिश्चित करना है। लंबे समय से अपनी जमा पूंजी वापस पाने के इंतजार में बैठे लाखों निवेशकों के लिए यह कार्रवाई उम्मीद की किरण मानी जा रही है।
हालांकि पूरी रकम की वापसी एक चुनौती बनी हुई है, लेकिन संपत्तियों की जब्ती से प्रक्रिया को गति मिलने की संभावना है।
Highlights


