फेल छात्राओं पर लाठीचार्ज करने वाले एसडीएम सुरेंद्र कुमार का तबादला, प्रेम कुमार तिवारी बने नए एसडीएम

270
Advertisment

सुरेंद्र कुमार को पर्यटन विभाग भेजा

धनबाद : जैक द्वारा जारी इंटर की परीक्षा में फेल छात्राओं पर लाठीचार्ज करने वाले धनबाद के एसडीएम सुरेंद्र कुमार का तबादला राज्य सरकार ने कर दिया है। बता दें कि बगैर चेतावनी दिए एसडीएम ने धनबाद में मंत्री बन्ना गुप्ता की मौजूदगी के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज की घटना को अंजाम दिया था। छात्राओं के समर्थन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद लगातार आंदोलन कर रहे थे और एसडीएम पर कार्रवाई की मांग हो रही थी। सुरेंद्र कुमार का तबादला पर्यटन विभाग में कर दिया गया है।

Advertisment

राज्य सरकार ने सुरेंद्र कुमार को हटाकर प्रेम कुमार तिवारी को धनबाद का एसडीएम बनाया है। तिवारी पहले भी धनबाद में रह चुके हैं। वे गोविंदपुर अंचल में सीओ के पद पर सेवा दे चुके हैं। तिवारी फिलहाल गेल गैस में प्रतिनियुक्ति पर थे।

गौरतलब है कि कोरोना के कारण आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर जैक द्वारा इंटर का परिणाम जारी किया गया। छात्राओं का कहना था कि परीक्षा नहीं ली गई है। उनके साथ अन्याय हुआ है। वे फिर से परिणाम जारी करने की मांग कर रही थीं।

इसी दौरान एसडीएम ने लाठी चार्ज किया। इसके बाद वे विवादों में आ गए। वे पहले से भी विवादों में रहे हैं। उनपर पीडीएस दुकानदारों से वसूली के गंभीर आरोप भी लगे हैं। राज्य सरकार ने जांच भी कराई थी। तत्कालीन उपायुक्त उमाशंकर सिंह ने तत्कालीन एडीएम चंदन कुमार को जांच का जिम्मा सौंपा था।

Advertisement