रांची: पूरा राज्य गर्मी से झुलस रहा है। करीब 46 साल की गर्मी का रिकॉर्ड कभी भी टूट सकता है। गर्मी के कारण आमलोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
राज्य के कुछ क्षेत्रों में रेमल तूफान की वजह से तापमान में कमी आई थी, लेकिन पिछले 24 घंटे में सभी जिले का पारा 3 से 8 डिग्री की बढ़ गया है।
सबसे खराब स्थिति पलामू प्रमंडल की है। मंगलवार को डालटनगंज का पारा 47.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह पिछले 46 वर्षों में मई माह का दूसरा सबसे अधिकतम तापमान है।
इससे पहले 6 मई 1978 को अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री दर्ज हुआ था। 47.2 डिग्री के साथ गढ़वा दूसरे और
43.7 डिग्री के साथ चतरा तीसरे स्थान पर रहा।
राज्य के 15 जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। रांची का तापमान भी 40.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
इस बारे में मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 29 और 30 मई को भी प्रचंड गर्मी रहेगी। पलामू, गढ़वा और चतरा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। तीनों जिलों में सीवियर हीट वेव चलेगी।
साथ ही, पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। हीट वेव का असर दिखेगा। 31 मई से मौसम के मिजाज में नरमी आने की संभावना है।
इधर, पिछले 24 घंटे में संथाल के कुछ क्षेत्रों हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 6.5 एमएम बारिश पाकुड़ में हुई।







