समस्तीपुर : जिले में इन दिनों पंचायत चुनाव को लेकर नामांकन का दौर चल रहा है. पर्चा दाखिल करने पहुंच रहे प्रत्याशी मतदाताओं का ध्यान आकर्षित करने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं. समस्तीपुर जिले में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला है.
प्रत्याशी दीनबंधु जनता को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए शुक्रवार को समस्तीपुर अनुमंडल कार्यालय में बैलगाड़ी पर सवार होकर नामांकन करने पहुंचे.
चुनाव में लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने के लिए प्रत्याशी कई तरीके अपनाते हैं. समस्तीपुर में भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब प्रत्याशी ने अनोखा जुलूस निकाला. जिला परिषद सदस्य पद के लिए क्षेत्र संख्या 32 से प्रत्याशी दिनबंधु बैलगाड़ी पर सवार होकर नामांकन करने पहुंचे. लोकतंत्र की इस खूबसूरती के लिए नामांकन के दिन प्रत्याशी का यह रूप लोगों के लिए मनोरंजन बन गया.
जिला परिषद प्रत्याशी दीनबंधु ने बताया कि आज देश में किसान की माली हालत खराब है. बढ़ती महंगाई से लोग हलकान हैं. इन्हीं सब को देखते हुए आज हम बैलगाड़ी पर चढ़कर नामांकन करने पहुंचे. नामांकन दाखिल करने के बाद दीनबंधु का यह जुलूस लोगों से वोट की अपील करते नजर आया. नामांकन करने का यह तरीका लोगों के लिए हैरान कर देने वाला था.
बता दें कि एक समय ऐसा भी था जब प्रत्याशी महंगी और लंबी-लंबी गाड़ियों की काफिले के साथ नामांकन का पर्चा दाखिल करने जाते थे. वक्ता के साथ अब इसमें भी बदलाव देखने को मिल रहा है. कोरोना काल में प्रत्याशी महंगी कार पर सवार होकर नामांकन दाखिल करने के लिए अनुमंडल कार्यालय पहुंच रहे हैं. इसी दौरान समस्तीपुर अनुमंडल में एक अलग तस्वीर देखने को मिली है. नए और पुराने साधनों का अद्भुत मेल देखने को मिला है. इस अद्भुत नजारों को अपनी आंखों में कैद करने के लिए सड़क पर देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी.
रिपोर्ट : सुनील कुमार


