फारबिसगंज : लगभग तीन दशक के इंतजार के बाद आखिरकार फारबिसगंज के अनुमंडल व्यवहार न्यायालय में आगामी चार नवंबर को सिविल कोर्ट का शुभारंभ होना तय हो गया है। बता दें कि फारबिसगंज के अनुमंडल व्यवहार न्यायालय में सिविल कोर्ट को शुरू करने के लिए यहां के अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता संघर्ष समिति के बैनर तले लोकतांत्रिक तरीके से एक शांतिपूर्ण संघर्ष कई सालों तक चलाया था। विगत महीनों में यहां सिविल कोर्ट शुरू होने की चर्चाएं भी तेज भी हो गई थी।
सबसे बड़ी बात यह है कि अब जबकि चार नवंबर से इसकी शुरुआत हो जाएगी। फारबिसगंज अनुमंडल के अंतर्गत लगभग आठ लाख की आबादी को इसका सीधा लाभ मिलेगा। या यूं कहें तो अब फारबिसगंज अनुमंडल के न्यायार्थियों को 32 किलोमीटर की दूरी तय कर अररिया मुख्यालय नहीं जाना होगा। बताया जाता है कि फारबिसगंज में सिविल कोर्ट के शुभारंभ को लेकर उच्च न्यायालय के निर्देश पर मुंसिफ और सब जज की पोस्टिंग कर दी गई। बहरहाल, चार नवंबर से शुरू होने वाले इस ऐतिहासिक कार्य को लेकर फारबिसगंज अनुमंडल वासियों सहित संघर्षरत अधिवक्ताओ में हर्ष का माहौल व्याप्त है।
अमित कुमार की रिपोर्ट


