झरिया. घनुडीह ओपी क्षेत्र में बलियापुर निवासी रंजीत रवानी और उनकी पत्नी से छिनतई मामले में दो युवकों की गिरफ्तारी को लेकर सिंदरी एसडीपीओ कार्यालय में गुरुवार को एसडीपीओ ने प्रेसवार्ता की। सिंदरी एसडीपीओ भूपेन्द्र प्रसाद राउत के निर्देश पर घनुआडीह ओपी प्रभारी पवन कुमार और पुलिस टीम ने 48 घंटे में कुछ सामानों के साथ झरिया से दो युवक सुजल केशरी (20) और शेखर रवानी (23) को पकड़ लिया। इसके बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
झरिया में छिनतई मामले में दो गिरफ्तार
सिंदरी एसडीपीओ भूपेन्द्र प्रसाद राउत ने बताया कि मंगलवार की रात बलियापुर कुसमाटाँड़ निवासी अशोक रवानी के पुत्र रंजीत रवानी पत्नी के साथ छलछलिया धौड़ा के तिलक समारोह से घर वापस जा रहा था। तभी काले रंग की हीरो स्प्लेंडर संख्या जे एच 10 सी पी 9437 से तीन बदमाश पीछा करने लगे। बदमाशों ने ओपी क्षेत्र के लालटेणगंज के समीप रंजीत की बाइक रोककर उनकी पत्नी से सोने की चेन, 5 हजार रुपये और लाल रंग के रेडमी मोबाइल छिन लिये और माइंस की ओर भाग निकले।

उन्होंने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए घनुआडीह ओपी प्रभारी के नेतृत्व में कांड का खुलासा किया गया। इस कांड में झरिया थाना क्षेत्र के कोयरीबाँध निवासी सुजल केसरी और बालूगदा के शेखर रवानी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इन दोनों के पास से घटना में शामिल हीरो स्प्लेंडर बाइक सहित छीने गए एक रेडमी मोबाइल, 12 सौ रुपये नकद सहित 3 अन्य मोबाइल जब्त किये गये हैं। हालांकि एक अपराधी फरार हो गया है।
उन्होंने बताया कि इन दोनों का अपराधिक इतिहास की छानबीन चल रही है। आठ लोगों के सक्रिय गिरोह को तोड़ देने में कुछ हदतक सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि इसी गैंग के सोनू साव उर्फ ललकेशिया को झरिया से पिस्टल के साथ व घनुआडीह ओपी से अनिल चौहान को देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार कर पूर्व में जेल भेजा जा चुका है।
झरिया से सचिन सिंह की रिपोर्ट


















