Triple Murder Case: पलामू के पांकी थाना क्षेत्र में अंधविश्वास के कारण हुए तिहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। दो सगे भाई गिरफ्तार, हथियार बरामद।
Triple Murder Case पलामू: पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसेहर पंचायत के कुसड़ी गांव में अंधविश्वास के चलते हुए तिहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पलामू पुलिस ने इस सनसनीखेज घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रविंद्र भुईयां और प्रमोद भुईयां के रूप में हुई है। दोनों आरोपी सगे भाई हैं।
इसकी पुष्टि पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने की है। उन्होंने बताया कि यह पूरा मामला अंधविश्वास और जादू-टोना के शक से जुड़ा हुआ है।
Triple Murder Case : अंधविश्वास में परिवार के तीन लोगों की हत्या
एसपी ने बताया कि एक फरवरी को पांकी थाना क्षेत्र के आसेहर के कुसड़ी गांव में विजय भुईयां, उनकी पत्नी हेवंती देवी और उनके पुत्र छोटू कुमार की टांगी और अन्य धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस हमले में विजय भुईयां की बहू और पोती भी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं, जिनका इलाज कराया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ दिन पहले उसी गांव के महेशी भुईयां की बीमारी के कारण मौत हुई थी। इसके बाद महेशी के बेटों को शक हुआ कि जादू-टोना के कारण उनके पिता की मौत हुई है। इसी अंधविश्वास के चलते उन्होंने विजय भुईयां के पूरे परिवार को निशाना बनाया।
Key Highlights
पलामू के कुसड़ी गांव में अंधविश्वास से तिहरा हत्याकांड
दो सगे भाई रविंद्र और प्रमोद भुईयां गिरफ्तार
विजय भुईयां, उनकी पत्नी और बेटे की हत्या
घटना में प्रयुक्त टांगी और चाकू बरामद
पोती के बयान पर दर्ज हुई थी एफआईआर
Triple Murder Case :पोती के बयान पर दर्ज हुई एफआईआर
घटना के बाद विजय भुईयां की घायल पोती के फर्द बयान पर नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। एसपी ने बताया कि मृतक की पोती का बयान दंडाधिकारी की मौजूदगी में दर्ज किया गया, जिससे मामले को मजबूती मिली।
Triple Murder Case : हथियार बरामद, भागने की फिराक में था आरोपी
एसपी के अनुसार, आरोपी रविंद्र भुईयां को उसके एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया गया, जबकि प्रमोद भुईयां को पांकी थाना क्षेत्र के इमली चौक से उस वक्त पकड़ा गया जब वह फरार होने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टांगी और चाकू को भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महेशी भुईयां की उम्र 62 वर्ष थी और उनकी मौत सामान्य बीमारी से हुई थी, लेकिन अंधविश्वास के कारण आरोपियों ने तिहरे हत्याकांड को अंजाम दे दिया।
Highlights


