ग्रामीणों ने राशन डीलर के द्वारा राशन में कटौती करने पर जताया रोष
गुमलाः जिले के सिसई प्रखंड क्षेत्र के नगर पंचायत स्थित नगर जामटोली गांव में राशन डीलर के द्वारा राशन में कटौती करने पर ग्रामीणों ने रोष जताया. सिसई मंडल के कांग्रेस अध्यक्ष बिहारी भगत के नेतृत्व में कई ग्रामीणों ने गांव के डीलर संजय उरांव पर राशन वितरण के समय राशन कार्ड में अंकित मात्रा से कम राशन देने का आरोप लगाते हुए रोष प्रकट किया और कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने बताया कि लाल और पीला कार्ड दोनों तरह के कार्ड धारी के राशन में कटौती की गई है.
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने दिया मामले की जांच का आश्वासन
बिहारी भगत ने बताया कि राशन डीलर के द्वारा राशन में कटौती करने पर उन्होंने प्रशासन से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. इसके लिए उन्होंने उपायुक्त को भी आवेदन दिया हुआ है. वहीं इस बारे में अंचलाधिकारी सह प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अरुणिमा एक्का से पूछने पर उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच की जाएगी और अग्रतर कार्रवाई की जाएगी.
Highlights


