घटना में शामिल दोषियों को बेनकाब करेगी सरकार- सीएम योग
लखीमपुर जा रही प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में लिया
लखीमपुर खीरी : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा के दौरे को लेकर किसानों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान रविवार को हिंसा और आगजनी हुई. जिसमें चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गयी. यह घटना तिकोनिया कोतवाली क्षेत्र के तिकोनिया-बनबीरपुर मार्ग पर हुई. दरअसल दो एसयूवी वाहनों द्वारा प्रदर्शनकारियों को टक्कर मारने के बाद नाराज किसानों ने दोनों वाहनों में आग लगा दी.
लखीमपुर खीरी के एसीपी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि घटना में चार किसानों सहित आठ लोगों की मौत हो गई. किसान संगठनों का कहना है कि केंद्रीय मंत्री के काफिले में शामिल गाड़ी ने दो किसानों को कुचल दिया और उस गाड़ी में मंत्री का बेटा और रिश्तेदार बैठे हुए थे. अधिकारी ने साथ ही बताया, मरने वाले अन्य चार उस वाहन में सवार थे, जिसने कथित तौर पर किसानों को कुचला.
दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई- सीएम
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बयान जारी करके कहा कि वे इस घटना से दुखी हैं. इसके साथ ही उन्होंने जांच की बात करते हुए इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा किया है.
हिरासत में प्रियंका गांधी
इस घटना के बाद से इलाके में हिंसा शुरू हो गई और वाहनों में आग लगा दी गई. इलाके में भारी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया है. वहीं लखीमपुर जा रही प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. उन्हें सीतापुर में गेस्ट हाउस में रखा गया है, जहां उनकी धक्कामुक्की भी हुई है. लखीमपुर खीरी जाने की कोशिश में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और यूपी पुलिस के बीच रातभर लुकाछुपी का खेल चलता रहा.
देश के किसानों से नफ़रत करती है भाजपा- प्रियंका
प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया है, भाजपा देश के किसानों से कितनी नफ़रत करती है? उन्हें जीने का हक नहीं है? यदि वे आवाज उठाएंगे तो उन्हें गोली मार दोगे, गाड़ी चढ़ाकर रौंद दोगे? बहुत हो चुका. ये किसानों का देश है, भाजपा की क्रूर विचारधारा की जागीर नहीं है. किसान सत्याग्रह मजबूत होगा और किसान की आवाज और बुलंद होगी.
इस घटना पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा है, जो इस अमानवीय नरसंहार को देखकर भी चुप है, वो पहले ही मर चुका है. लेकिन हम इस बलिदान को बेकार नहीं होने देंगे- किसान सत्याग्रह ज़िंदाबाद!
सभी जिलों में किसान संगठन करेंगे विरोध-प्रदर्शन
किसान संगठनों ने पूरे देश के सभी किसान संगठनों से सोमवार दोपहर से 1 बजे के बीच सभी जिलों में जिलाधिकारियों के कार्यालयों में विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया है. किसान नेता राकेश टिकैत के साथ-साथ पंजाब और हरियाणा के किसान लखीमपुर खीरी की ओर जा रहे हैं.
आठ किसान हुए जख्मी, किसान संगठनों का दावा
किसान संगठनों का यह भी दावा है कि घटना में आठ किसान जख्मी भी हो गए हैं. किसानों के संगठन संयुक्त किसान मोर्चा ने ट्वीट करते हुए लिखा है, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के कार्यक्रम का विरोध कर रहे सड़क के किनारे खड़े किसानों पर मंत्री के काफिले की गाड़ियां द्वारा कुचले जाने पर 2 किसानों की मौत हो गई और 8 किसान गंभीर रूप से जख्मी है.
केंद्रीय मंत्री ने ये दिया था बयान
किसानों ने केंद्रीय मंत्री मिश्रा के हालिया भाषण के विरोध में उनका रास्ता रोकने का फैसला किया था. मंत्री ने हाल ही में बयान दिया था कि किसानों का प्रदर्शन 10-15 लोगों का है और उन्हें लाइन में लाने में सिर्फ दो मिनट लगेंगे.
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने लिखा है, कृषि कानूनों का शांतिपूर्ण विरोध कर रहे किसानों को भाजपा सरकार के गृह राज्यमंत्री के पुत्र द्वारा, गाड़ी से रौंदना घोर अमानवीय और क्रूर कृत्य है. यूपी दंभी भाजपाइयों का ज़ुल्म अब और नहीं सहेगा. यही हाल रहा तो यूपी में भाजपाई न गाड़ी से चल पाएंगे, न उतर पाएंगे.
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय कोरोना पॉजिटिव, ट्वीट कर दी जानकारी
Highlights


