बाघमाराः जिले के कतरास कोलडम्प में बसा कोयला कामगारों का दुर्गा नगर कॉलोनी जहां एक दशक से जल समस्या है. अब तो परिस्थिति ऐसी है कि लगभग 5 सालों से जलापूर्ति ठप हो चुकी है. जिसके लिए सीधे तौर पर बीसीसीएल एरिया 04 प्रबंधन के बताया जा रहा है.
कई बार लिखित मांगपत्र देने के बाद भी समस्या निदान नहीं होने के बाद इस समस्या से जूझ रहे कॉलोनी निवासी बड़ी संख्या में महिलाओं ने बीसीसीएल एरिया-04 मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान महाप्रबंधक के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई. बीसीसीएल एरिया 04 के महाप्रबंधक को सीधे तौर पर जिम्मेदार बताते हुए अविलंब जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की.
कालोनी वासियों ने कहा कि इस पानी के जुगाड़ में यहां दो लोगों की जान भी जा चुकी है. इसलिए अब हद हो चुका है. इस बार आरपार की लड़ाई है और हमारी जीत निश्चित है. प्रदर्शन के दौरान बाघमारा विधायक ढुलु महतो के बड़े भाई शत्रुघ्न महतो के नेतृत्व में एरिया04 महाप्रबंधक और कॉलोनी वासियों के बीच वार्ता की गई. जिसमें यह निर्णय लिया गया कि इस समस्या के निदान के लिए जमुनिया जलापूर्ति द्वारा या फिर बीसीसीएल एरिया 03 प्रबंधन की मदद से कॉलोनी में जलापूर्ति बहाल की जाएगी.
महाप्रबंधक एम एस दूत ने इस दिशा में ठोस पहल करने के लिए 10 दिनों का वक्त मांगा है. साथ जलसमस्या से उत्पन्न स्वास्थ्य सम्बन्धी परेशानियों के मद्देनजर बीसीसीएल स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा अविलंब सर्वे कर उचित कार्रवाई का आदेश भी दिया है.
रिपोर्ट- सूरजदेव मांझी


