Wednesday, July 30, 2025

Related Posts

झारखंड के 13 जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना, येलो अलर्ट जारी

रांची: झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार, 29 जुलाई को रांची समेत 13 जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें रांची, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो और धनबाद शामिल हैं। विभाग ने इन सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

कुछ जिलों में भारी बारिश की आशंका भी जताई गई है। 30 जुलाई को देवघर, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, बोकारो, धनबाद और रामगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जहां येलो अलर्ट जारी है। इसके अतिरिक्त, 31 जुलाई और 1 अगस्त को राज्य के विभिन्न हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान एक-दो बार हल्की बारिश भी हो सकती है।

धनबाद में सर्वाधिक वर्षा दर्ज

पिछले 24 घंटों के भीतर राज्य में कई जगहों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई है। धनबाद के पूर्वी टुंडी में सबसे अधिक 82 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं रांची में 11 मिमी, देवघर में 14 मिमी, मेदिनीनगर में 3 मिमी, और बोकारो में 7 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

तीन अगस्त को भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, 3 अगस्त को रांची में मेघ गर्जन, आम तौर पर बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। राज्य में 1 जून से अब तक कुल 732.7 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 53% अधिक है।

राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें और आवश्यक एहतियात बरतें।


127,000FansLike
22,000FollowersFollow
587FollowersFollow
562,000SubscribersSubscribe