रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने छठी सिविल सेवा सीमित परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी कर दी है। इस बार सरकारी सेवा में अनुकंपा के आधार पर नियुक्त अभ्यर्थियों को भी परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अभ्यर्थी 20 मई से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की प्रक्रिया वन टाइम रजिस्ट्रेशन के माध्यम से पूरी की जाएगी।
गौरतलब है कि इस परीक्षा के तहत कुल 28 पदों पर नियुक्ति होनी है। जेपीएससी में यह प्रक्रिया वर्ष 2018 से लंबित है। 10 और 11 अक्तूबर 2020 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसके बाद तीन नवंबर 2020 को मॉडल आंसर-की और 24 दिसंबर 2020 को संशोधित आंसर-की जारी की गई थी।
हालांकि नियुक्ति नियमावली में अनुकंपा पर नियुक्त कर्मियों के लिए कोई प्रावधान नहीं होने के कारण मामला झारखंड हाइकोर्ट पहुंचा था। हाइकोर्ट ने 16 दिसंबर 2022 को आदेश दिया था कि अनुकंपा पर नियुक्त कर्मियों को भी इस परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर दिया जाए। इसके बावजूद मामला आयोग में लंबित था, जिसे अब अधिसूचना जारी कर आगे बढ़ाया गया है।
इस परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा का निर्धारण किया गया है। तय मानकों के अनुसार, एक अगस्त 2015 को अभ्यर्थी की आयु 45 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए थी। लंबी प्रक्रिया के कारण अब कई अभ्यर्थी सेवानिवृत्ति की दहलीज पर पहुंच चुके हैं। ऐसे में आयोग की इस नई घोषणा से उन्हें राहत मिली है।







